जिंदगी में रिश्तों, दोस्ती, करियर और भरोसे से जुड़े बुरे अनुभव अक्सर इंसान की सोच बदल देते हैं। किसी रिश्ते का टूटना, दोस्त का साथ छोड़ देना, काम में असफलता या किसी का आपकी अच्छाई का फायदा उठाना कई बार हमें यह मानने पर मजबूर कर देता है कि प्यार, दोस्ती, भरोसा या मेहनत जैसी चीजें शायद सिर्फ किताबों की बातें हैं, लेकिन एक बुरा अनुभव किसी पूरी चीज की सच्चाई तय नहीं करता। यही सोच ‘Conviction’ यानी अपने विश्वास पर टिके रहना और यह सोचना की अंत में सब अच्छा होगा।
Conviction यहां यह नहीं कह रहा कि इंसान अपनी बात पर जिद करके अड़ा रहे या हर स्थिति में यह मानता रहे कि आखिर में वही जीतेगा। यहां Conviction का मतलब है कि जीवन में कोई बुरा अनुभव होने के बाद भी अच्छी चीजों पर आपका भरोसा पूरी तरह खत्म न हो।
प्यार और रिश्ता एक ही चीज नहीं
किसी व्यक्ति से प्यार होना और उसके साथ सफल रिश्ता बना पाना दो अलग बातें हैं। प्यार एक भावना हो सकता है, लेकिन रिश्ते को चलाने के लिए संवाद, व्यवहार, समय, परिस्थितियां, परिवार, आर्थिक स्थिति और भावनात्मक समझ जैसी कई चीजों की जरूरत होती है।
कई बार दो लोग एक-दूसरे से सच्चा प्यार करते हुए भी साथ जिंदगी नहीं बिता पाते। इसकी वजह यह हो सकती है कि दोनों की परिस्थितियां या जरूरतें अलग हों या वे रिश्ते को संभालने के लिए जरूरी भावनात्मक समझ विकसित न कर पाए हो।
हालांकि, प्यार के नाम पर किसी को पहुंचाए गए नुकसान को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अगर किसी रिश्ते में गलती हुई है तो उसकी जिम्मेदारी लेना, माफी मांगना और अपने व्यवहार में बदलाव करना जरूरी है, लेकिन अपनी गलतियों को स्वीकार करना और खुद को हमेशा के लिए प्यार के लायक न मान लेना दो अलग बातें हैं।
दिल खुला रखें लेकिन सीमाओं के साथ
किसी बुरे अनुभव के बाद खुद को पूरी तरह बंद कर लेना आसान रास्ता लग सकता है, लेकिन खुले दिल का मतलब यह नहीं है कि हर उस व्यक्ति को दोबारा मौका दिया जाए जिसने आपको चोट पहुंचाई है। माफी और दूरी एक साथ संभव हैं। किसी के लिए अच्छा सोचते हुए भी उससे रिश्ता खत्म किया जा सकता है। भरोसा टूटने के बाद सावधान होना जरूरी है, लेकिन हर नए व्यक्ति को पुराने अनुभवों की सजा देना जरूरी नहीं। यही अंतर उम्मीद और नकारात्मक सोच के बीच है। अनुभव से सीख लेकर अपने फैसले बेहतर करना समझदारी है, जबकि एक घटना को पूरी दुनिया के लिए नियम बना लेना हमें नए रिश्तों और अवसरों से दूर कर सकता है।
दोस्ती में मिले धोखे के बाद भी भरोसा क्यों जरूरी?
कई बार दोस्ती भी परिस्थितियों के साथ बदल जाती है। जब किसी व्यक्ति का करियर या आर्थिक स्थिति खराब होती है तो कुछ दोस्त उससे दूरी बना सकते हैं। ऐसे अनुभव के बाद यह मान लेना आसान है कि दोस्ती हमेशा मतलब पर आधारित होती है, लेकिन हर दोस्ती एक जैसी नहीं होती। कुछ लोग मुश्किल समय में भी साथ खड़े रहते हैं और कुछ ऐसे लोग भी जीवन में आते हैं, जो पुराने रिश्तों से ज्यादा गहराई से आपका साथ देते हैं।
इसलिए पुराने रिश्ते के टूटने के बाद नए लोगों से जुड़ने की संभावना को पूरी तरह खत्म कर देना जरूरी नहीं है। नए व्यक्ति को पुराने अनुभवों के आधार पर परखने के बजाय उसके अपने व्यवहार को समझना ज्यादा महत्वपूर्ण है।
करियर में असफलता का मतलब पूरी जिंदगी की असफलता नहीं
नौकरी जाना, बिजनेस बंद होना या किसी परीक्षा अथवा अवसर में असफल होना भी इंसान की आत्म-छवि को प्रभावित कर सकता है। कई बार एक असफल प्रयास को देखकर व्यक्ति मान लेता है कि वह उस काम के लिए बना ही नहीं है, लेकिन असफलता किसी एक प्रयास का परिणाम हो सकती है, व्यक्ति की पूरी क्षमता का प्रमाण नहीं होता है।
किसी बिजनेस का बंद होना यह नहीं बताता कि उस दौरान हासिल की गई सारी स्किल खत्म हो गईं। इसी तरह किसी आवेदन का रिजेक्ट होना यह साबित नहीं करता कि व्यक्ति भविष्य में सफल नहीं हो सकता। असफलता से यह समझना ज्यादा उपयोगी है कि कहां गलती हुई, क्या बदला जा सकता है और अगली कोशिश में क्या अलग करना चाहिए।
अच्छाई का मतलब यह नहीं कि सफलता तुरंत मिलेगी
अक्सर लोगों के मन में यह सवाल आता है कि अगर उन्होंने किसी का बुरा नहीं किया और हमेशा अच्छा करने की कोशिश की, तो उनके साथ मुश्किलें क्यों आती हैं?
इस सोच में एक धारणा छिपी होती है कि अच्छा व्यवहार करने का सीधा इनाम पैसा, सफलता या खुशहाल रिश्ता होना चाहिए, लेकिन जिंदगी में सफलता कई चीजों पर निर्भर करती है मेहनत, रणनीति, समय, परिस्थितियां, अवसर और फैसले।
इसलिए अच्छा इंसान होना सफलता की गारंटी नहीं है और किसी व्यक्ति की सफलता अपने आप उसके अच्छे चरित्र का प्रमाण भी नहीं है।
आध्यात्मिक नजरिए से भी कर्म को तुरंत मिलने वाले इनाम की तरह देखना जरूरी नहीं। कर्म का प्रभाव व्यक्ति की सोच, व्यवहार, मानसिक शांति और लंबे समय में बनने वाले व्यक्तित्व से भी जुड़ा हो सकता है।
आखिर क्या है बचाता Conviction?
Conviction किसी खास रिश्ते, नौकरी या योजना को बचाने की गारंटी नहीं देता। कई रिश्ते खत्म होंगे, कुछ दोस्त दूर जाएंगे और कुछ योजनाएं असफल होंगी। यह भावना दरअसल इंसान के भीतर संभावना पर भरोसा बनाए रखने में मदद करती है।
यानी प्यार में चोट लगी है तो भी दोबारा प्यार करने की संभावना को खत्म न करना, दोस्त ने धोखा दिया है तो भी अच्छी दोस्ती की संभावना को नकारना नहीं और करियर में असफलता मिली है तो भी अपनी क्षमता पर काम करते रहना। इसका मतलब यह नहीं कि व्यक्ति बिना सोचे दोबारा वही गलती करे। सीखना, सीमाएं तय करना और अपने व्यवहार में सुधार करना इसका जरूरी हिस्सा है।
ये भी पढ़ें- ऑफिस से लौटे पति तो करें ये काम... रिश्ते में कम होगा तनाव और बढ़ेगा प्यार
फिर कोशिश करें लेकिन पहले जैसे नहीं
किसी नुकसान के बाद दोबारा शुरुआत करने का मतलब पुराने तरीके से वापस लौटना नहीं है। अगर भरोसा गलत जगह किया था तो आगे बेहतर सीमाएं बनानी होंगी। अगर बिजनेस में गलती हुई तो उसकी वजह समझनी होगी। अगर किसी रिश्ते में अपने व्यवहार से दूसरे व्यक्ति को चोट पहुंची तो उस हिस्से की जिम्मेदारी भी लेनी होगी, क्योंकि जीवन में किसी एक अनुभव को पूरी जिंदगी का अंतिम निष्कर्ष बना देना हमें उन संभावनाओं से भी दूर कर सकता है जो अभी हमारे सामने आई ही नहीं हैं।
इसलिए जरूरी है कि अनुभव से सीखें, अपनी सीमाओं को समझें और सावधान रहें, लेकिन उम्मीद को पूरी तरह खत्म न करें। अतीत हमें बहुत कुछ सिखा सकता है, लेकिन वह हमारे भविष्य की पूरी कहानी तय नहीं करता।