नई दिल्ली: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी के अपने सारे सांसद (MP) को 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक दिल्ली में मौजूद रहने को कहा है। यह निर्देश कथित 'वोट चोरी' और इलेक्शन कमीशन ऑफ़ इंडिया (ECI) से जुड़ी गड़बड़ियों को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच कही गई है। 

30, 31 अक्टूबर और 1 नवंबर को कांग्रेस MPs को दिल्ली में रहने की अपील

दरअसल, कांग्रेस पार्टी इस 'वोट चोरी'  के मुद्दे को लेकर अपनी राजनीतिक गतिविधियों और विरोध कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है। जिसके तहत कांग्रेस द्वारा सांसदों को दिल्ली में रहने के निर्देश दिया गया है।  इसका उद्देश्य प्रस्तावित कार्यक्रमों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। इसी के मद्देनज़र खड़गे ने  एक मैसेज लिखकर पार्टी  के सभी सांसदों को 30, 31 अक्टूबर और 1 नवंबर, 2026 को देश की राजधानी दिल्ली में मौजूद रहने की अपील की है।

'वोट चोरी' को लेकर खड़गे ने अपने कांग्रेस सांसदों को भेजे संदेश

मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा भेजे गए कांग्रेस के संदेश में 'वोट चोरी' के आरोपों और चुनाव आयोग एवं  मुख्य  चुनाव आयुक्त (CEC) द्वारा कथित गड़बड़ियों के खुलासों को इस निर्देश का कारण बताया गया है। यह निर्देश चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर I.N.D.I.A ब्लॉक पार्टियों के विरोध के बीच आया है। इस  सूचना संदेश में खास तौर पर 1 नवंबर का ज़िक्र किया गया है। क्योंकि इस दिन 'वोट बचाओ, देश बचाओ जन मार्च और मेगा रैली' राष्ट्रीय राजधानी के रामलीला मैदान में होने वाली है।  

राहुल गांधी ने BJP सरकार पर लगाए कानूनों के उल्लंघन का आरोप

इसके साथ ही कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी छात्रों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों से प्रस्तावित रैली में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने  BJP सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वोटर लिस्ट से नाम हटा दिए गए हैं और नियमों और कानूनों का उल्लंघन किया गया है। उन्होंने कहा कि वोट चुराए जा रहे हैं और दावा किया कि सवाल उठाने वाले लोगों को बल प्रयोग का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि हमारे वोट चुराए जा रहे हैं और हम इसे किसी भी हालत में चुपचाप बर्दाश्त नहीं करेंगे।