नई दिल्ली: लैक्मे फैशन वीक 2026 में मशहूर फैशन डिजाइनर तरुण तहिलियानी के ब्रांड ‘तस्वा’ (Tasva) ने अपने लेटेस्ट मेन्सवियर कलेक्शन को पेश किया। गुरुवार को नई दिल्ली के ताज पैलेस में आयोजित इस फैशन शो में बॉलीवुड अभिनेता अली फजल शोस्टॉपर बने। उन्होंने रैंप पर भारतीय परंपरा, शिल्पकला और आधुनिक फैशन का शानदार संगम पेश किया।

अली फजल ने इस मौके पर आइवरी रंग का अंगरखा पहना, जिसे बंदगला और कढ़ाईदार स्टोल के साथ स्टाइल किया गया था। उनके पारंपरिक और आकर्षक लुक ने फैशन शो में खास ध्यान खींचा। शो के अंत में अली फजल ने तरुण तहिलियानी और अन्य मॉडल्स के साथ रैंप पर वॉक किया और डांस के साथ कार्यक्रम का समापन किया।
भारतीय परंपरा से प्रेरित रहा कलेक्शन
तरुण तहिलियानी के तस्वा कलेक्शन की खासियत भारतीय संस्कृति और पारंपरिक कारीगरी को आधुनिक अंदाज में पेश करना रहा। प्रेस नोट के मुताबिक, इस कलेक्शन को ‘ट्री ऑफ लाइफ’, लिप्पन आर्ट, पेस्ली डिजाइन और ‘आर्ट ऑफ लाइट’ से प्रेरणा लेकर तैयार किया गया। इसे खास तौर पर भारतीय शादियों और उत्सवों के लिए डिजाइन किया गया, जिसमें पारंपरिक परिधानों के साथ व्यक्तिगत स्टाइल और आधुनिक एलिगेंस पर जोर दिया गया।

कलेक्शन में आरी वर्क, जरदोजी और मिरर वर्क जैसी पारंपरिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया। वहीं, एप्लिक वर्क, मोतियों की सजावट और 3D डिटेलिंग ने परिधानों को खास लुक दिया। डिजाइन में बारीक कढ़ाई, साफ-सुथरी कटिंग और आधुनिक सिल्हूट के जरिए पारंपरिक हस्तकला को नए अंदाज में पेश किया गया।

अली फजल ने की डिजाइन की तारीफ
फैशन शो के बाद पत्रकारों से बातचीत में अली फजल ने तरुण तहिलियानी के डिजाइन पहनने पर खुशी जाहिर की। अभिनेता ने अपने आउटफिट की तारीफ करते हुए कहा, “मुझे यह बेहद पसंद है। मैं बहुत खुश हूं कि मुझे इसे पहनने का मौका मिला। यह एक खूबसूरत कॉम्बिनेशन है।”
परंपरा और आधुनिकता का मेल
तस्वा के इस कलेक्शन ने आधुनिक भारतीय पुरुषों के फैशन को एक नया नजरिया देने की कोशिश की। इसमें भारतीय जड़ों, पारंपरिक शिल्पकला और व्यक्तिगत स्टाइल को एक साथ पिरोया गया। लैक्मे फैशन वीक 2026 में पेश किए गए इस कलेक्शन ने दिखाया कि किस तरह भारतीय पारंपरिक परिधान आधुनिक डिजाइन और बदलते फैशन ट्रेंड्स के साथ अपनी खास पहचान बनाए रख सकते हैं।

अली फजल की शोस्टॉपर एंट्री और तरुण तहिलियानी की डिजाइन सोच ने इस फैशन शो को खास बना दिया, जहां भारतीय विरासत और समकालीन स्टाइल एक साथ नजर आए।

यह भी पढ़ें: कीर्ति कुल्हारी की प्रोडक्शन डेब्यू फिल्म 'Kinaare' का DIFF में होगा प्रीमियर!