
दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन (DUSU) इलेक्शन का आगाज हो चुका है। इस बार चारों पदों के लिए कुल 20 उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं। इन उम्मीदवारों में अध्यक्ष पद के लिए आठ, उपाध्यक्ष के लिए तीन, सचिव के लिए चार और संयुक्त सचिव पद के लिए पांच उम्मीदवार हैं। वहीं, इस बार दो प्रमुख संगठनों ने अध्यक्ष पद के लिए महिला उम्मीदवार उतारी हैं।
ऐसी संभावना जताई जा रही है कि इस बार के DUSU चुनाव में कोई महिला प्रेसिडेंट मिल सकती है। बता दें कि अगर इस बार के चुनाव में कोई महिला प्रत्याशी अध्यक्ष पद पर जीतती है तो 17 साल पुराना इतिहास दोहराया जाएगा। 2008 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से नूपुर शर्मा आखरी महिला अध्यक्ष बनीं थी। इसके बाद से अब तक DUSU को कोई महिला अध्यक्ष नहीं मिली है।
NSUI और AISA-SFI ने उतारी महिला उम्मीदवार
इस बार जिन दो प्रमुख संगठनों ने अध्यक्ष पद के लिए महिलाओं पर भरोसा जताया है वो NSUI और AISA-SFI है। वहीं ABVP ने भी संयुक्त सचिव पद के लिए महिला उम्मीदवार पर दांव लगाया है। NSUI ने अध्यक्ष पद के लिए जोसलिन नंदिता चौधरी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
SFI और AISA ने भी अंजलि को अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतारा है। सचिव पद के लिए भी SFI-AISA ने संयुक्त रूप से अभिनंदना को प्रत्याशी बनाया है। वहीं, ABVP ने भी संयुक्त सचिव पद के लिए दीपिका झा को मैदान में उतारा है।
18 सितंबर को मतदान, मतगणना 19 को
बता दें कि, DUSU चुनाव 2025 के लिए मतदान 18 सितंबर को होगा और मतगणना 19 सितंबर को होगी। इस साल चुनाव में लगभग 2.75 लाख छात्र हिस्सा लेने के योग्य हैं। सुबह की शिफ्ट के लिए मतदान सुबह 8:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक होंगे, जबकि शाम की शिफ्ट के लिए मतदान दोपहर 3 बजे से शाम 7:30 बजे तक होगा।
-Shraddha Mishra