
उत्तर रेलवे ने महिला यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने और सुरक्षा को देखते हुए बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत अब नई दिल्ली-पानीपत ईएमयू ट्रेन संख्या 64469/64470 में तीन महिला कोच को ट्रेन के बीच में एक साथ जोड़ा गया है। पहले इस ट्रेन में महिलाओं के डिब्बे अलग-अलग स्थानों पर लगे हुए थे। रेलवे का उद्देश्य महिलाओं को अधिक आराम और सुगमता प्रदान करना है।
कोच अलग-अलग होने के चलते महिलाओं को यात्रा के दौरान असुविधा का सामना करना पड़ता था। महिला यात्री रेलवे से लंबे समय से तीनों कोच को एक साथ लगाने की मांग कर रहीं थीं। रेलवे ने महिलाओं की समस्या को समझते हुए अब 12 डिब्बों वाली इस ट्रेन में तीन महिला कोच बीच में एक साथ लगाए हैं।
उत्तर रेलवे द्वारा उठाया गया यह कदम महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर काफी अहम है। इस नई व्यवस्था से महिला यात्रियों को प्लेटफार्म पर चढ़ने-उतरने में भी आसानी होगी। रेलवे प्रशासन का मानना है कि इस प्रकार के बदलाव से महिलाएं अधिक आत्मविश्वास और सहजता के साथ यात्रा कर सकेंगी।
बता दें कि पानीपत से नई दिल्ली तक चलने वाली इस ट्रेन में 12 कोच हैं। पहले ये ट्रेन पूरी तरह से महिलाओं के लिए आरक्षित थी। हालांकि, पुरुष यात्रियों की मांग पर इस ट्रेन में उन्हें यात्रा की अनुमति दी गई थी। हालांकि, पुरुष यात्रियों को यात्रा की अनुमति दिए जाने के बाद कोच संख्या 2, 9 और 11 को महिलाओं के लिए आरक्षित कर दिया गया था।
इसके बाद से महिला यात्री तीनों कोच एक साथ लगाने की मांग कर रही थीं। महिलाओं का कहना है कि उन्हें अलग-अलग जगहों पर खड़े होकर ट्रेन का इंतज़ार करना पड़ता है। कोच की कोई जानकारी और ना होने के कारण उन्हें आरक्षित कोच में चढ़ने के लिए दौड़ना पड़ता है।
उत्तर रेलवे ने अब महिला यात्रियों की दिक्कत समझते हुए तीनों कोचों को ट्रेन के बीच में एक साथ लगा दिया है। अब इस ट्रेन में 5, 6 और 7 केवल महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे। महिलाओं के लिए आरक्षित इन कौच में 'महिला' लिखा गया है। ताकि अन्य यात्रियों को भी इस बदलाव की जानकारी हो।
-Shraddha Mishra