.png)
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले वोटर लिस्ट विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का मामला लगातार गर्माता जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर आरोप-प्रत्यारोपों का दौर जारी है। वहीं, इसे लेकर शुक्रवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर बिहार में "चुनाव चोरी" के लिए "षड्यंत्र रचने" का आरोप लगाया।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भुवनेश्वर में संविधान बचाओ समावेश को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव आयोग "भाजपा की शाखा के रूप में काम कर रहा है" और आरोप लगाया कि बिहार में भी "चुनाव चोरी" के उसी तरह के प्रयास किए जा रहे हैं जैसे महाराष्ट्र में किए गए थे।
चुनाव चोरी की नई साजिश रची
राहुल गांधी ने कहा कि, "बीजेपी संविधान पर हमला कर रही है। कल मैं बिहार में था। जैसे महाराष्ट्र में चुनाव चोरी की गई, वैसे ही बिहार में भी चुनाव चोरी की कोशिश की जा रही है। चुनाव आयोग ने चुनाव चोरी की नई साजिश रची है। चुनाव आयोग बीजेपी की शाखा के रूप में काम कर रहा है, वह अपना काम नहीं कर रहा है।"
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का किया जिक्र
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस चुनाव में एक करोड़ से ज्यादा नए मतदाता जुड़े थे। कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि बिहार में भी यही "चोरी" हो रही है। उन्होंने कहा कि,"महाराष्ट्र में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के बीच एक करोड़ नए मतदाता जुड़े। कोई नहीं जानता कि ये मतदाता कौन थे और कहां से आए थे। हमने चुनाव आयोग से कई बार मतदाता सूची और वीडियोग्राफी उपलब्ध कराने को कहा। लेकिन चुनाव आयोग ने हमें ये उपलब्ध नहीं कराए। वे बिहार में भी वही 'चोरी' करने जा रहे हैं जो महाराष्ट्र में की गई थी। मैं कल बिहार गया था और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन के नेताओं के साथ मैंने कहा कि हम चुनाव आयोग और भाजपा को बिहार चुनाव में 'चोरी' नहीं करने देंगे।"
ओडिशा सरकार पर भी लगाए आरोप
राहुल गांधी ने ओडिशा सरकार पर भी गरीब लोगों से "धन चुराने" का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "ओडिशा सरकार का एक ही काम है- राज्य के गरीब लोगों के हाथों से ओडिशा की संपत्ति चुराना... पहले बीजद सरकार ने यही किया और अब भाजपा सरकार यही कर रही है। एक तरफ ओडिशा की गरीब जनता, दलित, आदिवासी, पिछड़ा वर्ग, किसान और मजदूर हैं, और दूसरी तरफ 5-6 अरबपति और भाजपा सरकार है। यह लड़ाई जारी है। केवल कांग्रेस कार्यकर्ता, ओडिशा के लोगों के साथ मिलकर, इस लड़ाई को जीत सकते हैं, कोई और नहीं।"
उन्होंने आगे कहा कि, "ओडिशा सरकार अडानी चलाते हैं ; नरेंद्र मोदी अडानी चलाते हैं। जब ओडिशा में जगन्नाथ यात्रा निकाली जाती है, जब जगन्नाथ यात्रा के रथ खींचे जाते हैं, तो लाखों लोग इसे देखते हैं और इसका अनुसरण करते हैं। फिर, एक नाटक होता है- अडानी और उनके परिवार के लिए रथ रोक दिए जाते हैं। इससे आपको ओडिशा सरकार के बारे में सब कुछ समझ आ जाएगा।"
-Shraddha Mishra