.jpg)
रणवीर सिंह से लेकर सलमान खान तक, कई बॉलीवुड सितारों को पर्दे पर अपनी आधी उम्र की अभिनेत्रियों के साथ रोमांस करने पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। अब इस मुद्दे पर अभिनेता आर. माधवन ने एक अहम टिप्पणी की है। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में उम्र के अंतर को लेकर बदलते नजरिए और कहानी कहने के तरीके पर विस्तार से बात की।
क्या कहा आर. माधवन ने
आर. माधवन ने कहा, "इस समय उम्र के हिसाब से रोमांस वाली फिल्में ज्यादा बन रही हैं, क्योंकि लोगों ने उम्र के अंतर वाले रोमांस की काफी आलोचना की है। अब सभी हीरो सोच रहे हैं कि वो जमाना गया जब आप 50 पार होते हुए भी 20-25 साल की हीरोइन के साथ रोमांस कर सकते थे।"
उन्होंने इस बदलाव को "अनिवार्य" करार देते हुए कहा, "अब यह पूरी तरह से बंद हो गया है और इसे दर्शक स्वीकार नहीं कर रहे हैं। अगर आप अभी भी ऐसा कर रहे हैं, तो आपको समझदारी से काम लेना होगा। हमारा काम है कि हम दर्शकों को वही कहानी उस तरीके से सुनाएँ, जैसे वे सुनना चाहते हैं। अगर हम सिर्फ अपनी पसंद पर फिल्में बनाते रहेंगे, तो दर्शक हमें अकेला छोड़ देंगे।"
"आप जैसा कोई" से रोमांटिक वापसी
आर. माधवन की अगली फिल्म “आप जैसा कोई” इसी सोच का विस्तार है, जो 11 जुलाई 2025 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होने जा रही है। यह एक मिड-लाइफ रोमांटिक ड्रामा है, जिसे विवेक सोनी ने निर्देशित किया है और करण जौहर के धर्मा एंटरटेनमेंट ने निर्मित किया है। फिल्म में माधवन एक संकोची संस्कृत प्रोफेसर श्रीरेणु त्रिपाठी की भूमिका में हैं, जबकि अभिनेत्री फातिमा सना शेख एक फ्रांसीसी शिक्षिका मधु बोस के रूप में नजर आएंगी।
दोनों किरदारों के बीच उम्र, सोच और सामाजिक अपेक्षाओं की दीवारें हैं, लेकिन धीरे-धीरे उनका रिश्ता गहराता है। यह फिल्म प्रेम, पहचान और उम्र के पड़ाव पर नए सिरे से रिश्तों को समझने की एक भावुक कहानी है।
“धुरंधर” में एक्शन अवतार में नजर आएंगे माधवन
इसके साथ ही आर. माधवन एक और बड़ी फिल्म “धुरंधर” में भी नजर आने वाले हैं। आदित्य धर द्वारा निर्देशित इस एक्शन थ्रिलर में उनके साथ अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और रणवीर सिंह जैसे दिग्गज कलाकार भी नजर आएंगे। यह फिल्म 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
पाँच भाषाओं के स्टार
आर. माधवन भारतीय सिनेमा के उन चंद कलाकारों में शामिल हैं जिन्होंने हिंदी, तमिल, कन्नड़, तेलुगु और अंग्रेज़ी फिल्मों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। वे न सिर्फ एक सफल अभिनेता हैं, बल्कि निर्देशक, लेखक, निर्माता और मोटिवेशनल स्पीकर के तौर पर भी सराहे जाते हैं। उनका करियर सादगी, धैर्य और गुणवत्तापूर्ण सिनेमा की मिसाल है।
बदलते दौर में माधवन की बातें इस बात का संकेत हैं कि बॉलीवुड अब उम्र के लिहाज से ज्यादा वास्तविक और प्रासंगिक कहानियों की ओर बढ़ रहा है। जहां दर्शकों की भावनाओं और अपेक्षाओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
- YUKTI RAI