.png)
बिहार में साल के आखिर तक विधानसभा के चुनाव होने की उम्मीद है। ऐसे में राज्य का चुनावी पारा चढ़ चुका है। राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू हो गया है। सभी पार्टियां जनता को लुभाने और अगले पांच सालों का प्लान समझाने में लग गई हैं। ऐसे में हम बिहार की परिहार विधानसभा सीट पर नजर डालते हैं।
कहां स्थित है परिहार विधानसभा क्षेत्र
परिहार बिहार के सीतामढ़ी जिले का प्रखंड है, जिसका क्षेत्रफल लगभग 224 वर्ग किमी है। वहीं, मान्यताओं के अनुसार सीतामढ़ी वही स्थान है जहां मिथिला के राजा जानक के खेत में हल चलाते समय धरती से देवी सीता प्रकट हुईं थी। यह नेपाल सीमा के नज़दीक स्थित है, और इसे 2008 के परिसीमन के बाद विधान सभा क्षेत्र और 2020 में नगर पंचायत का दर्जा मिला था।
2011 की जनगणना
2011 की जनगणना के अनुसार, परिहार में 3,38,222 लोग रहते हैं, इनमें लिंगानुपात 906 (प्रति 1,000 पुरुष) और साक्षरता दर लगभग 46% पाई गई थी। वहीं, मतदाताओं की बात करें तो यह एक हिंदू बहुल इलाका है, जहां 2011 में हिंदू आबादी का अनुपात लगभग 66% था। वहीं इस क्षेत्र में अनुसूचित जाति (SC) मतदाताओं की संख्या लगभग 35,783, जो कुल मतदाताओं का लगभग 11.27% बनती है। वहीं, अनुसूचित जनजाति (ST) की कुल संख्या मात्र 413 है, जो 0.13% है। मुस्लिम मतदाताओं की संख्या लगभग 79,695 है जो लगभग 25.1% है।
मतदाता और मतदान केंद्र की संख्या
परिहार विधानसभा क्षेत्र पूर्णतः ग्रामीण है, जहां शहरी मतदाता लगभग शून्य हैं। 2020 विधानसभा चुनाव के समय इस क्षेत्र में कुल मतदाता संख्या 317,508 और मतदान केंद्रों की संख्या 444 थी। हालांकि, 2024 के लोकसभा चुनावों में मतदाताओं की संख्या लगभग 331,669 थी लेकिन, मतदान केंद्रों की संख्या घटकर 331 रह गई थी।
मतदान प्रतिशत की बात करें तो 2015 के विधानसभा चुनाव में इस क्षेत्र में 57.39% मतदान दर्ज हुआ था। 2019 के लोकसभा चुनाव में यह प्रतिशत बढ़कर 59.58% हो गया था। हालांकि 2020 के विधानसभा चुनाव में यहां मतदान घटकर केवल 54.58% रह गया था।
परिहार विधानसभा क्षेत्र का राजनीतिक इतिहास
परिहार विधानसभा क्षेत्र का राजनीतिक इतिहास 2008 के परिसीमन के बाद शुरू हुआ, जब इसे नई विधानसभा सीट के रूप में पहचान मिली। 2010 में BJP के राम नरेश यादव ने RJD के राम चंद्र पूर्वे को हराया था। 2015 में BJP गायत्री देवी ने RJD के राम चंद्र पूर्वे को हराते हुए इस क्षेत्र में भाजपा की पकड़ को मजबूत किया। 2020 में भी गायत्री देवी ने RJD की ऋतु कुमार को 1569 वोटों से हराकर इस सीट पर भाजपा की हैट्रिक पूरी की ।
क्या कहता है सामाजिक समीकरण
इस सीट पर यादव-मुस्लिम गठजोड़ और ब्राह्मण मतों की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जाती है। बता दें कि यादव और मुस्लिम वोटर इस क्षेत्र में निर्णायक भूमिका निभाते हैं। ऐसे में परिहार विधानसभा क्षेत्र भाजपा का भरोसेमंद गढ़ बन चुका है, हालांकि हार का अंतर कम होने के कारण विपक्ष अभी भी वापसी की संभावनाएं तलाश रहा है।
-Shraddha Mishra