Rajasthan CJP Viral Video: राजस्थान में एक सरकारी स्कूल को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आरोप लगाया है कि जयपुर के पास रामपुरा-कंवरपुरा इलाके में स्कूल का जायजा लेने पहुंची उसकी टीम के साथ कुछ लोगों ने धक्का-मुक्की की और उन्हें मौके से खदेड़ दिया। पार्टी की ओर से घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर किया गया है।

CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि उनकी टीम स्कूल की स्थिति देखने पहुंची थी, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ कथित तौर पर बदसलूकी शुरू कर दी। रांका ने इस घटना के लिए भाजपा से जुड़े लोगों को जिम्मेदार बताया है।

स्कूल को लेकर क्या है CJP का दावा?

आशुतोष रांका का कहना है कि रामपुरा-कंवरपुरा का सरकारी स्कूल कथित तौर पर लंबे समय से भैंसों के तबेले में संचालित हो रहा है। उनका आरोप है कि CJP की टीम इसी स्थिति का जायजा लेने और स्कूल की समस्या को सामने लाने के लिए वहां पहुंची थी।घटना का वीडियो साझा करते हुए रांका ने कहा कि टीम के कुछ सदस्य पहले मौके पर पहुंचे थे और उनके साथ कथित तौर पर मारपीट व धक्का-मुक्की की गई। उन्होंने बताया कि वह भी घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके की ओर रवाना हुए थे।

रांका ने ग्रामीणों के बजाय बाहरी लोगों पर लगाया आरोप

रांका ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर बच्चे खराब परिस्थितियों में पढ़ने को मजबूर हैं तो इस समस्या को उठाना जरूरी है। उनका आरोप है कि स्कूल की स्थिति सुधारने की कोशिश का विरोध किया जा रहा है।एक अन्य पोस्ट में आशुतोष रांका ने दावा किया कि CJP टीम का विरोध करने वाले स्थानीय ग्रामीण नहीं थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की ओर से कुछ लोगों को वहां बुलाया गया था।

CJP ने पुलिस की भूमिका पर भी उठाए सवाल

घटना को लेकर CJP नेता अभिजीत दीपके ने राजस्थान पुलिस को भी निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि टीम के सदस्यों के साथ कथित बदसलूकी के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही।दीपके ने सवाल उठाया कि अगर स्कूल की वास्तविक स्थिति देखने के लिए पार्टी के स्वयंसेवक वहां पहुंचे थे, तो उनका विरोध क्यों किया गया। उन्होंने स्कूल की स्थिति और वहां टीम के साथ हुई कथित घटना को लेकर प्रशासन से जवाब मांगा।