नई दिल्ली: बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान का भारत दौरा फिलहाल टल गया है। दोनों देशों की तरफ से यात्रा को लेकर तैयारियां किए जाने की खबरों के बीच शुक्रवार को अचानक स्थिति बदल गई। राष्ट्रपति भवन की ओर से प्रधानमंत्री के औपचारिक स्वागत की तैयारियों का संकेत देने वाला बयान जारी होने के करीब एक घंटे बाद वापस ले लिया गया। हालांकि, बांग्लादेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि तारिक रहमान की भारत यात्रा को लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
भारत ने बांग्लादेशी प्रधानमंत्री को दो अलग-अलग मौकों पर भारत आने का निमंत्रण दिया है। पहला निमंत्रण द्विपक्षीय यात्रा के लिए नई दिल्ली आने का है, जबकि दूसरा निमंत्रण बिम्सटेक के अध्यक्ष के तौर पर 12-13 सितंबर को होने वाली ब्रिक्स बैठक के लिए दिया गया है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, बांग्लादेश की ओर से अभी तक दोनों निमंत्रणों को स्वीकार नहीं किया गया है।
शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग
तारिक रहमान की सरकार पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के भारत से प्रत्यर्पण की मांग कर रही है। हसीना करीब दो साल से भारत में हैं। वहीं, पांच अगस्त को शेख हसीना की ओर से की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर भी बांग्लादेश सरकार नाराज है। ऐसे में दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण रिश्तों के बीच तारिक रहमान के भारत दौरे को लेकर असमंजस बना हुआ है।
राष्ट्रपति भवन का बयान वापस लेना बना चर्चा का विषय
शुक्रवार को राष्ट्रपति भवन ने बयान जारी कर बताया था कि 22 अगस्त को परिसर में होने वाला 'चेंज ऑफ गार्ड' समारोह आयोजित नहीं किया जाएगा, क्योंकि बांग्लादेश के प्रधानमंत्री के औपचारिक स्वागत के लिए पूर्ण अभ्यास किया जाना है। यह बयान करीब दो बजे जारी किया गया, लेकिन लगभग एक घंटे बाद इसे वापस ले लिया गया। इससे संकेत मिले कि तारिक रहमान के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अंतिम समय में दौरे को लेकर स्थिति बदल गई। हालांकि, भारत सरकार की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।
मिर्जा फखरुल आलमगीर ने ली राष्ट्रपति पद की शपथ
इसी बीच बांग्लादेश में बड़ा राजनीतिक बदलाव हुआ है। वरिष्ठ नेता मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने शुक्रवार को देश के 23वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। लंबे समय से बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के महासचिव रहे आलमगीर को जातीय संसद के कार्यवाहक अध्यक्ष कैसर कमाल ने बंगभवन के दरबार हॉल में पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री तारिक रहमान, विपक्ष के नेता शफीकुर रहमान, पूर्व मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस, कैबिनेट मंत्री, सेना के शीर्ष अधिकारी और कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। शपथ से पहले आलमगीर ने BNP के संस्थापक जियाउर रहमान और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की कब्रों पर जाकर फातिहा पढ़ी।
राष्ट्रपति मुर्मु ने दी बधाई
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर को बांग्लादेश का 23वां राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सार्वजनिक जीवन और राजनीतिक नेतृत्व का उनका लंबा अनुभव बांग्लादेश की जनता की सेवा में सफल कार्यकाल सुनिश्चित करेगा। राष्ट्रपति मुर्मु ने अपने संदेश में भारत और बांग्लादेश के संबंधों को साझा बलिदानों, करीबी सांस्कृतिक रिश्तों और दोस्ती की मजबूत नींव पर आधारित बताया। चीन ने भी मिर्जा फखरुल आलमगीर को राष्ट्रपति बनने पर बधाई दी है।
और पढ़ें: अमेरिकी प्रतिबंधों के बीच ईरान का बड़ा कदम, गालिबाफ ने स्थानीय मुद्रा में व्यापार बढ़ाने की अपील की