America: यूएस में भारतीय समुदाय के खिलाफ बढ़ती नफरत, भेदभाव और कथित नस्लीय घटनाओं को लेकर भारत ने चिंता जताई है। भारतीय समुदाय के लोगों की सुरक्षा और उनके सम्मान का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
भारत सरकार ने इस तरह की घटनाओं पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए भारतीय समुदाय के हितों की रक्षा करने की आवश्यकता पर जोर दिया है। इस मामले में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने प्रतिक्रिया दी है।
भारत ने जताई नाराजगी
इलिनोइस के ऑरोरा में हुई सामूहिक गोलीबारी की कोशिश पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने दी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "यह हमारे लिए निश्चित रूप से गहरी चिंता का विषय है। साथ ही, यह अमेरिका में भारतीय समुदाय के खिलाफ नफरत से प्रेरित अपराधों (हेट क्राइम्स) और नस्लीय भेदभाव के बढ़ते मामलों को भी उजागर करता है।
इस घटना के बाद अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने जो कार्रवाई की है, उस पर हमने ध्यान दिया है। हम अमेरिकी पक्ष से आग्रह करते हैं कि वे अमेरिका में रहने वाले विदेशी नागरिकों की सुरक्षा और भलाई सुनिश्चित करें।"
भारतीय-अमेरिकी समुदाय की सुरक्षा पर क्यों बढ़ी चिंता?
अमेरिका में भारतीय मूल के लोग शिक्षा, तकनीक, कारोबार, चिकित्सा और अन्य क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में किसी हिंदू मंदिर या भारतीय समुदाय को निशाना बनाने की कथित साजिश से लोगों की सुरक्षा और धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है।
इस घटना ने एक बार फिर नस्लीय भेदभाव, ऑनलाइन नफरत और अल्पसंख्यक समुदायों के खिलाफ हिंसा की धमकियों पर चर्चा तेज कर दी है। भारतीय समुदाय से जुड़े संगठनों और प्रतिनिधियों ने भी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। गौरतलब है कि बीते कुछ महीनों से अमेरिका में रह रहे भारतीयों को लेकर कई तरह की खबरें सामने आ रही है।