पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की वरिष्ठ अधिकारी बनकर राज्य सचिवालय में घुसने के आरोप में बंगाल पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला की पहचान डॉ. आकांक्षा विद्यार्थी के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा गिरफ्तार की गई महिला पर आरोप है कि उसने खुद को PMO की वरिष्ठ अधिकारी बताते हुए पश्चिम बंगाल के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री अजय पोद्दार से मुलाकात करने का समय लिया था।

PMO की वरिष्ठ अधिकारी के झूठे दावे पर महिला गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला आकांक्षा विद्यार्थी ने इस हफ्ते की शुरुआत में PWD विभाग को ईमेल भेजकर मंत्री अजय पोद्दार से मुलाकात का समय मांगा था। जिसमें उसने दावा किया था कि वह दिल्ली में PMO कार्यालय से जुड़ी है। इसके बाद उसे मंत्री अजय पोद्दार से मिलने का समय मिला। लेकिन, महिला से मुलाकात के दौरान मंत्री अजय पोद्दार को उसके बयानों पर शक हुआ, क्योंकि उस महिला की कुछ बातें प्रासंगिक नहीं थीं। जिसके बाद मंत्री अजय पोद्दार को उसकी पहचान एवं दावों पर शक हुआ। इसके बाद अधिकारियों ने उसके बारे में जानकारी जुटाई एवं कथित तौर पर उसके PMO से जुड़े होने का दावा को गलत पाया।

महिला पर लगी BNS की धारा 319(2), 204, 340 (2)

मंत्री कार्ययालय में जांच-पड़ताल के बाद जब पुलिस एक्शन में आई तब तक महिला कोलकाता से निकलकर फ्लाइट से दिल्ली जा चुकी थी। इसके बाद हावड़ा पुलिस की एक टीम दिल्ली पहुंची एवं गुरुवार को आरोपी महिला आकांक्षा विद्यार्थी को सेंट्रल दिल्ली में उसके घर से गिरफ़्तार कर लिया गया और उसे ट्रांजिट रिमांड पर हावड़ा लाया गया। मंत्री के कार्यालय की ओर से पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के बाद महिला के खिलाफ हावड़ा के शिवपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 319(2), 204 और 340 (2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

मीटिंग के दौरान महिला ने मंत्री के साथ फोटो खिंचवाई

यह भी बात सामने आया है कि PWD विभाग के मंत्री अजय पोद्दार के साथ मीटिंग के दौरान आरोपी महिला आकांक्षा विद्यार्थी ने कथित तौर पर मंत्री के साथ एक फोटो भी खिंचवाई थी। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वह राज्य सचिवालय में कैसे घुस पाई और क्या उसने पहले भी ऐसे दावे किए थे या दूसरे अधिकारियों से संपर्क किया था।

ये भी पढ़ें-परगट सिंह बने पंजाब कांग्रेस कमेटी के नए अध्यक्ष, राजा वड़िंग के इस्तीफे के बाद मिली कमान