Jewel Andrew Injury: शनिवार को न्यू चंडीगढ़ के नए महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत के खिलाफ चल रहे तीसरे वनडे मैच के दौरान नमन धीर का कैच पकड़ते समय वेस्टइंडीज के विकेटकीपर-बल्लेबाज ज्वेल एंड्रयू की उंगली में चोट लग गई, जिसके बाद उन्हें एक्स-रे के लिए अस्पताल ले जाया गया।
यह घटना भारत की पारी के 36वें ओवर की आखिरी गेंद पर हुई, जब बल्लेबाजी ऑलराउंडर नमन धीर ने वेस्टइंडीज के बाएं हाथ के स्पिनर गुडाकेश मोती की गेंद को कवर की ओर हवा में खेला। वहां तैनात एंड्रयू ने शानदार कैच लपककर धीर को पवेलियन भेजा।
एंड्रयू की उंगली में लगी चोट
यह कैच जितना शानदार था, उतनी ही जोर से एंड्रयू को चोट लगी। इसके बाद उन्हें मेडिकल मदद और आगे की जांच के लिए मैदान से बाहर जाना पड़ा। खिलाड़ी की चोट पर क्रिकेट वेस्टइंडीज ने अपडेट देते हुए कहा,
"भारतीय पारी के दौरान नमन धीर को आउट करने के लिए कैच लेते समय उंगली में चोट लगने के बाद ज्वेल एंड्रयू एक्स-रे के लिए अस्पताल गए हैं। एंड्रयू को मूल रूप से पारी की शुरुआत करनी थी। अब कप्तान शाई होप ओपनिंग में जॉन कैंपबेल का साथ देंगे।"
हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ज्वेल इस मैच में बल्लेबाजी के लिए आएंगे या नहीं, क्योंकि अभी तक कैरिबियन बोर्ड की ओर से उनकी चोट की गंभीरता को लेकर जवाब नहीं आया है।
3 मैच तीन ओपनर
भारत के खिलाफ मौजूदा सीरीज में यह वेस्टइंडीज की तीसरी सलामी जोड़ी है। पहले मैच में कैंपबेल के साथ जस्टिन ग्रीव्स ने पारी की शुरुआत की थी। इसके बाद दूसरे मैच में कैंपबले के ओपनिंग पार्टनर कीसी कार्टी थे तो अब तीसरे मैच में कप्तान शाई होप बतौर सलामी बल्लेबाज उतरे।
वहीं, आखिरी वनडे में वेस्टइंडीज को रिस्ट-स्पिनर विटेल लॉज की बल्लेबाजी को लेकर भी चिंता होगी, जिन्होंने पांच ओवर में 54 रन दिए और बाद में बाएं पैर की पिंडली (calf) में समस्या के कारण लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए।
ये भी पढ़ें- शतक ठोक केएल राहुल ने रचा इतिहास, हासिल की यह उपलब्धि