कॉकरोच जनता पार्टी के ‘लहरा दो तिरंगा’ अभियान के दौरान अभिजीत दीपके को हिरासत में लिए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए दिल्ली पुलिस से जवाब मांगा है। शशि थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि सार्वजनिक सड़क पर हाथ में तिरंगा लेकर चलना कोई अपराध नहीं है, उन्होंने दिल्ली पुलिस से पूछा कि आखिर इस मामले में क्या कार्रवाई की गई है और पुलिस को पूरे देश के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
थरूर से पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी दोनों की रिहाई की मांग कर चुके हैं। वहीं, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की ओर से इस मामले में अभी तक कोई विस्तृत स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि अभिजीत दीपके और नेहा बोरा को कहां रखा गया है।
सीजेपी ने लगाया संपर्क तोड़ने का आरोप
सीजेपी की ओर से सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट में दावा किया गया कि अभिजीत दीपके को दिल्ली पुलिस किसी अज्ञात स्थान पर ले गई है। संगठन का कहना है कि अभिजीत से संपर्क नहीं हो पा रहा है और उन्हें अपने वकीलों से बात करने का मौका भी नहीं दिया जा रहा है। सीजेपी ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए सवाल किया कि सरकार युवाओं के साथ ऐसा व्यवहार क्यों कर रही है, मानो वे आतंकवादी हों। संगठन ने कहा कि भारत के नागरिक होने के नाते सभी लोगों को संविधान के तहत मिले अधिकारों और सुरक्षा का लाभ मिलना चाहिए।
पोस्ट में दिल्ली पुलिस से सीधे सवाल करते हुए पूछा गया कि अभिजीत को आखिर कहां ले जाया गया है। संगठन के मुताबिक, वह केवल हाथ में तिरंगा लेकर घर से निकले थे। ऐसे में राष्ट्रीय ध्वज लेकर चलने को अपराध की तरह क्यों देखा जा रहा है?
दिल्ली पुलिस ने क्या दी सफाई ?
इस मामले पर दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त डीसीपी राजीव रंजन का बयान भी सामने आया है, उन्होंने कहा कि इस संबंध में किसी ने उनसे संपर्क नहीं किया है, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें किसी खास व्यक्ति की सूची को लेकर कोई जानकारी नहीं मिली है। राजीव रंजन ने राष्ट्रीय ध्वज के इस्तेमाल से जुड़े नियमों का जिक्र करते हुए कहा कि देश में ध्वज संहिता लागू है। इसके तहत तिरंगे को पूरे सम्मान के साथ फहराना जरूरी है, उन्होंने बताया कि इन नियमों की जानकारी आधिकारिक तौर पर उपलब्ध है और आम लोग भी इन्हें पढ़ सकते हैं, उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली पुलिस ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की थी, जिसमें तिरंगा फहराते समय ध्यान रखने वाली जरूरी बातों की जानकारी दी गई थी।
ये भी पढ़ें- आज कई राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी, पहाड़ों पर बर्फबारी का खतरा; IMD ने जारी किया अलर्ट