नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के रिश्ते को लेकर की गई टिप्पणी पर सोशल मीडिया पर हो रही ट्रोलिंग के बाद बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि डर, गुस्से और नफरत की वजह से BJP और RSS के समर्थक प्यार को महसूस करने और उसे जाहिर करने में असमर्थ हैं।

राहुल गांधी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि उनके दिलों में मौजूद डर, गुस्से और नफरत ने एक ऐसा जाल बना दिया है, जो उन्हें प्यार और अपनापन महसूस करने से रोकता है। उन्होंने आगे कहा कि एक सच्चे हिंदू के तौर पर उनका कर्तव्य है कि वह लोगों को इस जाल से बाहर निकालने में मदद करें, ताकि वे भी प्यार और अपनापन की खूबसूरती को समझ सकें। उन्होंने अपनी पोस्ट के अंत में 'सत्यम शिवम सुंदरम' भी लिखा।

सोनिया गांधी की किताब के लॉन्च पर सुनाया था निजी किस्सा

दरअसल, राहुल गांधी ने यह बात अपनी मां और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब *‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’* के लॉन्च कार्यक्रम में माता-पिता के रिश्ते पर बात करते हुए कही थी। सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने राजीव गांधी और सोनिया गांधी के बीच के प्यार और उनके पारिवारिक जीवन से जुड़े कई निजी अनुभव साझा किए थे। राहुल गांधी ने बताया था कि बचपन में उन्होंने अपने माता-पिता को लगभग हर समय एक-दूसरे के करीब देखा। उन्होंने एक दिलचस्प किस्सा सुनाते हुए कहा कि उनके पिता राजीव गांधी की गोद में उनकी मां सोनिया गांधी बैठा करती थीं। यह उनके घर में इतना सामान्य था कि बचपन में राहुल को लगता था कि हर परिवार में ऐसा ही होता होगा।उन्होंने बताया कि जब वह अपने दोस्तों के घर जाते थे और वहां माता-पिता को इस तरह नहीं देखते थे, तो उन्हें हैरानी होती थी। वह अपने दोस्तों से पूछते थे कि उनकी मां उनके पिता की गोद में क्यों नहीं बैठती हैं।

इंदिरा और राजीव गांधी को परिवार का आधार बताया

कार्यक्रम में राहुल गांधी ने अपने परिवार पर पड़े दो बड़े दुखों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले उनकी दादी इंदिरा गांधी की हत्या हुई और फिर उनके पिता राजीव गांधी की हत्या ने परिवार को गहरा सदमा दिया।राहुल ने बताया कि राजीव गांधी के निधन के बाद उनकी मां की जिंदगी और व्यक्तित्व में बड़ा बदलाव आया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी को अपने पति की मृत्यु के समय की कई बातें याद नहीं हैं। किताब में उस दौर से जुड़ी जानकारी का कुछ हिस्सा राहुल और प्रियंका गांधी ने मिलकर तैयार किया है। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता के बीच जो प्यार और साथ था, वह एक दिन में खत्म हो गया। इसके बाद उनकी मां ने जिंदगी का एक अलग सफर शुरू किया और उनका व्यक्तित्व भी बदल गया।

कैम्ब्रिज के रेस्टोरेंट से जुड़ी याद भी साझा की

राहुल गांधी ने अपने माता-पिता की प्रेम कहानी से जुड़ा एक और किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि दोनों की पहली मुलाकात कैम्ब्रिज के वर्सिटी रेस्टोरेंट में हुई थी। कई साल बाद जब वह खुद कैम्ब्रिज पहुंचे, तो अपनी गर्लफ्रेंड के साथ उसी रेस्टोरेंट में गए।राहुल ने बताया कि वहां बैठकर उन्होंने रेस्टोरेंट के कर्मचारी को बताया कि उनके माता-पिता की मुलाकात इसी जगह हुई थी। कर्मचारी ने जवाब दिया कि वह उन दोनों को जानता है। राहुल ने कहा कि यह सुनकर उन्हें हैरानी हुई और उन्हें एहसास हुआ कि उनके माता-पिता की कहानी वहां भी लोगों के बीच याद की जाती है।

कार्यक्रम को गैर-राजनीतिक रखने की बात कही थी

सोनिया गांधी की किताब के लॉन्च कार्यक्रम में राहुल गांधी ने शुरुआत में ही कहा था कि उन्हें कार्यक्रम को गैर-राजनीतिक रखने के सख्त निर्देश मिले हैं और वह उनका पालन करेंगे। उन्होंने कहा कि बेटे के तौर पर वह अपनी मां के व्यक्तित्व और पारिवारिक जीवन की कुछ झलकियां साझा करना चाहते हैं। हालांकि, माता-पिता के रिश्ते पर उनकी टिप्पणियों को लेकर ऑनलाइन बहस शुरू हो गई। इसके बाद राहुल गांधी ने BJP और RSS के समर्थकों पर निशाना साधते हुए अपनी पोस्ट में प्यार, अपनापन और मानवीय भावनाओं का जिक्र किया।

यह भी पढ़ें: CISF जवानों को बड़ी सौगात! दिल्ली के साकेत में बनेंगे आधुनिक बैरक, 288 जवानों को मिलेगा फायदा