पणजी: भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard) ने गोवा के तट के पास मेडिकल इमरजेंसी का सामना कर रहे 26 वर्षीय भारतीय नाविक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। नाविक पनामा-फ्लैग वाले मर्चेंट जहाज HT Unite पर सवार था। मेडिकल इवैक्यूएशन की यह कार्रवाई 29 सितंबर को भारतीय तटरक्षक जहाज अक्षय (ICGS Akshay) की मदद से की गई।

भारतीय तटरक्षक बल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि गोवा के पास HT Unite से भारतीय नागरिक को तत्काल चिकित्सा सहायता की जरूरत थी। इसके बाद ICG डिस्ट्रिक्ट हेडक्वार्टर गोवा के समन्वय में ICGS Akshay ने तेजी से कार्रवाई की।

तटरक्षक बल के मुताबिक, मरीज को सफलतापूर्वक जहाज से सुरक्षित बाहर निकाला गया और तत्काल चिकित्सा सहायता के लिए आगे भेज दिया गया। भारतीय तटरक्षक बल ने इस अभियान को समुद्र में लोगों की जान बचाने और आपात स्थिति में तत्काल सहायता पहुंचाने की अपनी प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया।

23 क्रू मेंबर्स वाले टैंकर को भी बचाया था

इससे पहले सोमवार को भारतीय तटरक्षक बल ने ओडिशा के पारादीप तट के पास संकट में फंसे एक केमिकल टैंकर को भी रेस्क्यू किया था। MT Seagull 9 नामक यह टैंकर करीब 9,000 मीट्रिक टन पाम ऑयल और 23 क्रू सदस्यों को लेकर जा रहा था। तटरक्षक बल को टैंकर के अस्थिर होकर एक तरफ झुकने की सूचना मिली थी।

इसके बाद ICGS Vishwast ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। भारतीय तटरक्षक बल की विशेषज्ञ डैमेज कंट्रोल टीम ने जोखिम भरी परिस्थितियों में जहाज पर पहुंचकर सबमर्सिबल पंप लगाए, बैलास्ट टैंकों से पानी बाहर निकाला और क्षतिग्रस्त समुद्री पाइपलाइनों को सील किया। इन प्रयासों से टैंकर को स्थिर करने में मदद मिली।

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी का बड़ा ऐलान! 2 अक्टूबर से 'सेव डेमोक्रेसी मार्च', INDIA ब्लॉक का देशव्यापी आंदोलन