
आईपीएल 2026 में आज Kolkata Knight Riders और Mumbai Indians के बीच बेहद अहम मुकाबला खेला जाएगा। यह मैच कोलकाता के ऐतिहासिक मैदान ईडन गार्डन्स में होगा। खास बात यह है कि कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा बन चुका है। अगर केकेआर आज हार जाती है तो उसकी प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदें लगभग खत्म हो जाएंगी। दूसरी ओर मुंबई इंडियंस पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है, लेकिन टीम जीत के साथ सीजन का अंत बेहतर तरीके से करना चाहेगी।
पॉइंट्स टेबल पर दोनों टीमों में कौन सबसे मजबूत
पॉइंट्स टेबल पर नजर डालें तो केकेआर फिलहाल आठवें स्थान पर मौजूद है। टीम ने इस सीजन में अब तक 12 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 5 मैच जीते, 6 हारे और 1 मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया। ऐसे में टीम के खाते में कुल 11 अंक हैं। वहीं मुंबई इंडियंस 9वें नंबर पर है और उसके पास भी अब सिर्फ 2 मुकाबले बचे हैं। हालांकि मुंबई प्लेऑफ से बाहर हो चुकी है, लेकिन उसके पास दूसरी टीमों का खेल बिगाड़ने का मौका जरूर रहेगा।
दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड
अगर दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो मुंबई इंडियंस का पलड़ा काफी भारी नजर आता है। अब तक दोनों टीमों के बीच कुल 36 मुकाबले खेेले गए हैं, जिनमें मुंबई ने 25 मैच जीते हैं, जबकि कोलकाता को सिर्फ 11 जीत मिली हैं। ऐसे में आंकड़े मुंबई के पक्ष में दिखाई देते हैं, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में केकेआर ज्यादा दबाव और ज्यादा जोश के साथ मैदान पर उतरेगी।
ईडन गार्डन्स पिच रिपोर्ट
ईडन गार्डन्स की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है, लेकिन सूखी सतह होने की वजह से स्पिन गेंदबाजों को भी काफी मदद मिलने की संभावना है। भीषण गर्मी के कारण पिच में नमी कम होगी, जिससे वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन जैसे स्पिनर्स अहम भूमिका निभा सकते हैं। इसी मैदान पर इस सीजन के शुरुआती मुकाबले में वरुण चक्रवर्ती ने शानदार गेंदबाजी करते हुए राजस्थान के खिलाफ प्लेयर ऑफ द मैच प्रदर्शन किया था।
मैच प्रिडिक्शन
मैच प्रिडिक्शन की बात करें तो मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। दोनों टीमें जीत के लिए पूरी ताकत लगाएंगी। हालांकि दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम को थोड़ा फायदा मिल सकता है। ऐसे में टॉस भी इस मैच में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।
Written By: Geeta Sharma








.jpg)






