Delhi Pune Flight: नई दिल्ली: दिल्ली से पुणे जा रही स्पाइसजेट की एक फ्लाइट में टेकऑफ से ठीक पहले उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विमान का एयर कंडीशनिंग (AC) सिस्टम अचानक खराब हो गया। बंद केबिन में भीषण गर्मी और वेंटिलेशन न होने के कारण सांस घुटने से 100 से ज्यादा यात्रियों ने सफर करने से इनकार कर दिया। यात्रियों के उग्र विरोध के बाद प्लेन को रनवे से वापस बे (पार्किंग एरिया) में लौटाना पड़ा।

कैसे बिगड़े हालात?
दिल्ली से पुणे जाने वाली यह फ्लाइट मंगलवार रात 9:30 बजे रवाना होनी थी, लेकिन इसे रीशेड्यूल करके रात 11:30 बजे का समय दिया गया। बोर्डिंग के समय ही गर्मी: यात्रियों के बोर्ड करते ही केबिन के अंदर उमस और गर्मी बनी हुई थी। शुरुआत में यात्रियों ने इस उम्मीद में धैर्य रखा कि गेट बंद होने या टैक्सींग के दौरान एसी चालू हो जाएगा। विमान लगभग 40 से 45 मिनट तक रनवे पर टैक्सी करता रहा, लेकिन इसके बावजूद एसी शुरू नहीं हुआ।

क्रू पर अनदेखी का आरोप, यात्रियों का प्रदर्शन
गर्मी और वेंटिलेशन की कमी से केबिन में मौजूद गर्भवती महिलाओं और अन्य यात्रियों का दम घुटने लगा। पसीने से लथपथ कई यात्री बेहोशी की स्थिति में पहुंच गए।
जब यात्रियों ने केबिन क्रू से एसी चालू करने की गुजारिश की, तो आरोप है कि क्रू ने समाधान निकालने के बजाय उन्हें चुपचाप अपनी सीटों पर बैठे रहने को कहा। इससे यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। लोग अपनी सीटों से खड़े हो गए, टेकऑफ रोकने की मांग की और विमान के दरवाजे खोलने पर अड़ गए।

टरमैक पर लगे 'स्पाइसजेट बंद करो' के नारे
यात्रियों के भारी विरोध को देखते हुए पायलट ने टेकऑफ रद्द किया और विमान को वापस पार्किंग बे में ले आया। दरवाजे खुलते ही यात्री बाहर निकले और टरमैक पर ही एयरलाइन प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान यात्रियों ने 'स्पाइसजेट बंद करो' के नारे भी लगाए। भीषण गर्मी में एक घंटे से अधिक समय तक फंसे रहने की वजह से कई महिला यात्रियों को चक्कर आ गए, जिन्हें व्हीलचेयर की मदद से टर्मिनल बिल्डिंग तक पहुंचाया गया।

सुबह 5:30 बजे दूसरी फ्लाइट से भेजे गए यात्री
हंगामे और यात्रियों के इनकार के बाद स्पाइसजेट ने एक वैकल्पिक विमान का इंतजाम किया। यह दूसरी फ्लाइट बुधवार सुबह 5:30 बजे दिल्ली से रवाना हुई और सुबह लगभग 7:00 बजे पुणे पहुंची। इस पूरे घटनाक्रम और यात्रियों के आरोपों को लेकर फिलहाल स्पाइसजेट की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है। 

और पढे़ं: राम मंदिर दान चोरी मामला: SIT की रडार पर 8 आरोपियों के 54 रिश्तेदार, लखनऊ में खंगाली जा रही संपत्तियां 

Written by Shailesh Yadav