Ram Mandir Trust Ceo Recruitment Interview: अयोध्या में राम मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) की नियुक्ति के लिए इंटरव्यू का दौर शुरू हो चुका है। इस पद के लिए अंतिम चरण में पहुंचे 18 उम्मीदवारों से बारी-बारी से बातचीत की जा रही है। इंटरव्यू में सिर्फ उनके प्रशासनिक अनुभव और नेतृत्व क्षमता को ही नहीं परखा जा रहा, बल्कि सनातन धर्म और धार्मिक परंपराओं के प्रति उनकी आस्था से जुड़े सवाल भी पूछे जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, उम्मीदवारों से यह भी पूछा गया कि वे शाकाहारी हैं या मांसाहारी, शराब का सेवन करते हैं या नहीं और जनेऊ धारण करते हैं या नहीं। कुछ उम्मीदवारों से चोटी रखने और उनकी पूजा-पद्धति से जुड़े सवाल भी किए गए हैं। इसके अलावा धार्मिक आयोजनों और बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के प्रबंधन को लेकर उनके अनुभव को भी समझने की कोशिश की जा रही है।
5,200 से ज्यादा लोगों ने किया था आवेदन
राम मंदिर ट्रस्ट के CEO पद के लिए 5,200 से अधिक लोगों ने आवेदन किया था। इनमें से 18 उम्मीदवारों को अंतिम प्रक्रिया के लिए चुना गया। चयनित उम्मीदवारों के साथ ऑनलाइन बातचीत के पांच दौर पहले ही पूरे किए जा चुके हैं। उनसे गूगल फॉर्म भी भरवाए गए थे, जिसमें उनके अनुभव और व्यक्तिगत पृष्ठभूमि से जुड़े कई सवाल शामिल थे।अब 11, 12 और 13 अगस्त को हर दिन छह उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिए जा रहे हैं। यह प्रक्रिया ट्रस्ट की ओर से बनाई गई तीन सदस्यीय चयन समिति की देखरेख में हो रही है।
धार्मिक आस्था के साथ प्रशासनिक क्षमता भी परखी जा रही
CEO पद के लिए उम्मीदवारों का प्रशासनिक अनुभव अहम माना जा रहा है। इंटरव्यू के दौरान उनसे भीड़ प्रबंधन, टीम संभालने और बड़े स्तर पर किसी संस्था के संचालन से जुड़े सवाल पूछे जा रहे हैं। इसके साथ ही उनकी नेतृत्व क्षमता, धैर्य और निर्णय लेने की क्षमता को भी परखा जा रहा है।उम्मीदवारों से उनके पारिवारिक और धार्मिक पृष्ठभूमि के बारे में भी जानकारी ली जा रही है। चयन समिति यह समझने की कोशिश कर रही है कि उम्मीदवार राम मंदिर जैसे बड़े धार्मिक संस्थान की जिम्मेदारी को किस तरह संभाल सकता है।
मंदिर प्रबंधन को पेशेवर बनाने की कोशिश
राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी से जुड़े मामले के बाद मंदिर ट्रस्ट ने प्रबंधन को और व्यवस्थित तथा पेशेवर तरीके से संचालित करने के लिए CEO की नियुक्ति का फैसला किया है। इसी वजह से इस पद के लिए प्रशासनिक दक्षता के साथ धार्मिक और सामाजिक समझ को भी महत्व दिया जा रहा है।सूत्रों के अनुसार, उम्मीदवारों से पूछा गया कि क्या वे जनेऊ पहनते हैं, चोटी रखते हैं और धार्मिक आयोजनों के प्रबंधन का उन्हें कोई अनुभव है। शराब या किसी अन्य नशे के सेवन से जुड़े सवाल भी पूछे जाने की बात सामने आई है।CEO पद के लिए उम्र सीमा 50 से 70 वर्ष के बीच रखी गई है। इंटरव्यू बंद कमरे में एक-एक उम्मीदवार के साथ किया जा रहा है। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीन उम्मीदवारों के नाम मंदिर ट्रस्ट को भेजे जाएंगे, जिनमें से अंतिम नियुक्ति का फैसला किया जाएगा।
Written By: Shivashakti Narayan Singh