Ballia Clinic Operator Murder Case: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में एक महिला क्लीनिक संचालिका की हत्या का मामला सामने आया है। नगरा थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस ने मामले में महिला के भतीजे को गिरफ्तार किया है, जिस पर लोहे की रॉड से हमला कर हत्या करने का आरोप है।घटना गड़वार मोड़ के पास स्थित एक क्लीनिक की है। खारी गांव की रहने वाली 35 वर्षीय कंचन भारती रोज की तरह क्लीनिक गई थीं, लेकिन देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटीं तो परिवार को चिंता हुई। उनके पति सियाराम ने कई बार फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।
इसके बाद पति खुद क्लीनिक पहुंचे, जहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कंचन खून से लथपथ हालत में पड़ी थीं। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और मामले की जांच शुरू हुई।पुलिस जांच में सामने आया कि कंचन को क्लीनिक लाने और घर वापस छोड़ने की जिम्मेदारी उनके भतीजे बिट्टू की थी। घटना के बाद से ही बिट्टू फरार था, जिसके बाद पुलिस का शक उस पर गहराया।
आपसी कलह बनी मौत की वजह
मृतका के पति सियाराम ने पुलिस को दी गई शिकायत में भतीजे के खिलाफ मामला दर्ज कराया। सियाराम बसपा से जुड़े रहे हैं और पिछले जिला पंचायत चुनाव में वार्ड नंबर 32 से चुनाव भी लड़ चुके हैं।बलिया के एसपी ओमवीर सिंह के मुताबिक, आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थीं। मैनुअल इनपुट और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि कंचन की कुछ गतिविधियों को लेकर वह नाराज था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर उसने क्लीनिक में रखी लोहे की रॉड से हमला कर दिया। वारदात के बाद वह बाइक से फरार हो गया था।पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
उन्नाव में युवक की पिटाई का वीडियो वायरल
इसी बीच उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से भी एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। गंगा घाट कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।वीडियो में कुछ लोग युवक को घर के अंदर बांधकर लाठी-डंडों से पीटते दिखाई दे रहे हैं। परिजनों का आरोप है कि युवक के साथ बर्बरता की गई और मौके पर पुलिसकर्मी भी मौजूद थे।घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को छुड़ाया। उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Written By: Shivashakti Narayan Singh