आज के समय में रिश्ते पहले जैसी सरल और स्पष्ट नहीं रहें। पहले चीजें सरल थीं। आप या तो दोस्त थे, प्यार में थे या अलग हो चुके थे। अब बीच का एक नया ज़ोन बन गया है। लोग जुड़े रहते हैं, लेकिन पूरी तरह नहीं। आप उनकी दिनचर्या जानते हैं, उनकी छोटी-छोटी खुशियों और परेशानियों के बारे में जानते हैं, लेकिन रिश्ते की कोई ठोस रूपरेखा नहीं होती। इसे आजकल ‘इमोशनल डिस्टेंसिंग’ कहा जाने लगा है।
इमोशनल डिस्टेंसिंग क्या है?
इमोशनल डिस्टेंसिंग का मतलब है किसी के करीब रहना, लेकिन दिल से पूरी तरह खुला न होना, लोग बातचीत करते हैं, समय बिताते हैं और परवाह दिखाते हैं, लेकिन अपने आप को अंदर से थोड़ी दूरी पर रखते हैं। वे ईमानदार होते हैं, लेकिन सब कुछ साझा नहीं करते। वे मौजूद रहते हैं, लेकिन हमेशा उपलब्ध नहीं होते। रिश्ता दिखने में गहरा लगता है, लेकिन अंदर से अधूरा होता है।
लोग करीब होते हुए भी दूर क्यों रह जाते हैं?
दिल टूटने का डर
आजकल लोग रिश्तों के टूटने के कई उदाहरण देख चुके हैं। इसलिए, ज्यादा जुड़ने पर खुद को दुख से बचाने के लिए दूरी बनाए रखते हैं।
कंट्रोल बनाए रखना
अब लोग रिश्तों में पूरी तरह बहना नहीं चाहते, उन्हें डर होता है कि अगर वे ज्यादा निर्भर हो गए, तो कमजोर पड़ जाएंगे।
ज्यादा विकल्प होना
डेटिंग ऐप्स और सोशल मीडिया के चलते लोगों को हमेशा लगता है कि कोई और बेहतर विकल्प मिल सकता है। इसलिए वे किसी एक पर पूरी तरह टिक नहीं पाते।
कमिटमेंट से डरना
कई लोग जिम्मेदारी और बंधनों से डरते हैं, उन्हें रिश्ते चाहिए, लेकिन उनके साथ आने वाली गंभीरता नहीं।
इस तरह के रिश्ते कैसा दिखते हैं?
ऐसे रिश्ते महीनों तक चलते हैं, लेकिन उनमें कोई नाम या स्पष्ट पहचान नहीं होती। समय बिताना तो होता है, लेकिन भविष्य की योजना नहीं होती। सब कुछ सामान्य लगता है, पर अंदर खालीपन रहता है। सबसे मुश्किल हिस्सा है खामोशी — कोई यह स्पष्ट नहीं करता कि वह क्या चाहता है, और कोई यह नहीं पूछता कि रिश्ता किस दिशा में जा रहा है।
जानिए इसका असर
इस तरह के रिश्तों में दिल टूटता तो नहीं, पर पूरी तरह भरता भी नहीं है। खत्म होने पर दर्द अजीब होता ह, न बहुत हल्का, न बहुत भारी। केवल अधूरापन बचता है। यही वजह है कि आजकल कई लोग कहते हैं कि डेटिंग थका देने वाली हो गई है। इसका कारण यह है कि लोग लगातार ऐसे रिश्तों में फंसते हैं जहां प्यार तो होती है, लेकिन स्पष्टता और स्थिरता नहीं।
Written By Toshi Shah