अक्षय खन्ना ने फिल्म ‘धुरंधर’ में रहमान डकैत के किरदार से दर्शकों के बीच जबरदस्त लोकप्रियता हासिल की थी। अब अभिनेता एक बार फिर बड़े पर्दे पर एक अलग और दमदार भूमिका के साथ वापसी करने जा रहे हैं। उनकी अपकमिंग फिल्म ‘महाकाली’ को लेकर फैंस के बीच पहले से ही काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म मेकर्स ने सोमवार, 24 अगस्त को ‘महाकाली’ की पहली झलक यानी फर्स्ट ग्लिम्प्स वीडियो जारी कर दिया है। इसके साथ ही फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया गया है।
‘महाकाली’ में नजर आएंगे शुक्राचार्य के रूप में अक्षय खन्ना
कुछ समय पहले फिल्म से अक्षय खन्ना का शुक्राचार्य लुक सामने आया था, जिसने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरी थीं। अब रिलीज हुए वीडियो में अभिनेता का नया अवतार देखने को मिला है। अक्षय खन्ना फिल्म में असुरों के गुरु शुक्राचार्य की भूमिका निभा रहे हैं। लंबे सफेद बाल, बड़ी दाढ़ी और अलग अंदाज के साथ उनका किरदार काफी प्रभावशाली नजर आ रहा है।
धर्म और अधर्म की लड़ाई की दिखी झलक
‘शुक्राचार्य वॉर क्राई’ नाम से जारी किए गए वीडियो में फिल्म की भव्य दुनिया की झलक देखने को मिलती है। इसमें अच्छाई और बुराई के बीच होने वाले संघर्ष को बड़े स्तर पर पेश किया गया है। अक्षय खन्ना का गंभीर लुक और उनकी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस ने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।
2027 में रिलीज होगी फिल्म
‘महाकाली’ अगले साल 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को लेकर उम्मीद जताई जा रही है कि यह भारतीय पौराणिक कथाओं को एक बड़े सिनेमाई अनुभव के रूप में पेश करेगी।
निर्माता ने फिल्म को लेकर कही बड़ी बात
फिल्म के निर्माता रिवाज दुग्गल ने बताया कि ‘महाकाली’ की कहानी भारतीय इतिहास और पौराणिक विरासत से जुड़ी दुनिया को दर्शाती है। उनका कहना है कि फिल्म को आधुनिक दर्शकों के लिए भव्य और शानदार अंदाज में तैयार किया गया है,उन्होंने कहा कि अक्षय खन्ना का शुक्राचार्य का किरदार कहानी में गहराई और मजबूती जोड़ता है। फिल्म में दिखाए जाने वाले महायुद्ध की शुरुआत इसी कहानी से होगी।
‘महाकाली’ की स्टार कास्ट
आरके दुग्गल द्वारा प्रस्तुत और आरकेडी स्टूडियोज के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन पूजा अपर्णा कोल्लूरु ने किया है। फिल्म का निर्माण रिवाज रमेश दुग्गल ने किया है। ‘महाकाली’ में अक्षय खन्ना के अलावा भूमि शेट्टी, श्रिया रेड्डी, रोहित सराफ सहित कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स का हिस्सा है।