नई दिल्ली: महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का उल्लंघन करने वाले रेस्तरां और खाद्य प्रतिष्ठानों पर बड़ी कार्रवाई हुई है। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने विशेष अभियान के तहत राज्य के 89 होटल, रेस्तरां और ढाबों का निरीक्षण किया। इनमें से 71 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए, जबकि 13 के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। कार्रवाई की जद में दक्षिण मुंबई का मैकडॉनल्ड्स आउटलेट और बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब भी शामिल हैं। FDA की कार्रवाई उस समय और तेज हुई है, जब IAS अधिकारी तुकाराम मुंढे ने मई में FDA आयुक्त का पद संभाला था।

रेडियो क्लब की रसोई में मिलीं मक्खियां और कॉकरोच
19 अगस्त को दक्षिण मुंबई स्थित बॉम्बे प्रेसिडेंसी रेडियो क्लब का निरीक्षण किया गया। FDA के मुताबिक, यहां खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े मानकों में 47 फीसदी उल्लंघन पाए गए। जांच के दौरान किचन में बड़ी संख्या में जीवित मक्खियां और मरे हुए कॉकरोच मिले। खाद्य सामग्री सीधे फर्श पर रखी मिली। इसके अलावा रसोई में रसायन रखे होने और खाना तैयार करने वाली जगह के ऊपर पेंट व प्लास्टर उखड़ा हुआ पाया गया। लाइसेंस निलंबित रहने तक क्लब को खाद्य पदार्थों की खरीद, बिक्री और वितरण रोकने का निर्देश दिया गया है।

मैकडॉनल्ड्स में भी नहीं सुधरीं कमियां
दक्षिण मुंबई के कोलाबा स्थित मेट्रो हाउस में हार्डकैसल रेस्टोरेंट्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा संचालित मैकडॉनल्ड्स का FSSAI लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। FDA के अनुसार, 19 अगस्त को दोबारा निरीक्षण के दौरान पहले जारी किए गए सुधार नोटिस में दर्ज 20 में से 18 कमियां अब भी दूर नहीं हुई थीं। निरीक्षण में तापमान नियंत्रित करने वाले उपकरणों में खामी, जीवित कॉकरोच, गंदगी और कचरा मिला। कर्मचारियों द्वारा हाथ साफ किए बिना खाने के लिए तैयार खाद्य सामग्री संभालने की बात भी सामने आई।

दोबारा जांच में भी कमियां मिलने पर कार्रवाई
मलाड स्थित नोवारा रेस्तरां का लाइसेंस भी निलंबित किया गया। FDA के मुताबिक, 13 अगस्त को हुए दोबारा निरीक्षण में पहले दर्ज 25 गंभीर कमियों में से 14 कमियां अब भी बनी हुई थीं। वहीं, नरीमन प्वाइंट स्थित स्टेटस रेस्तरां पर ग्राहक की शिकायत के बाद कार्रवाई हुई। जांच में गंदे बर्तन, जमा पानी, कचरा, कर्मचारियों के पर्याप्त व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण नहीं पहनने जैसी कमियां मिलीं। खार पश्चिम स्थित खार जिमखाना का पंजीकरण प्रमाणपत्र भी निलंबित किया गया है। यहां खाद्य सामग्री के भंडारण, कच्चे और तैयार भोजन को अलग रखने, बर्तनों की सफाई और जमे हुए खाद्य पदार्थों को सही तरीके से पिघलाने से जुड़े नियमों का उल्लंघन मिला।

इन प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई
मुंबई में बजरंग स्वीट मार्ट और सांताक्रूज पश्चिम स्थित ASM Hotels & Hospitality Services Pvt Ltd के लाइसेंस भी निलंबित किए गए हैं। मुंबई के बाहर नागपुर के ड्यू ब्रदर्स शावरमा, नासिक के अवंती स्नैक्स और अमरावती के पिंटू यादव स्वीट्स पर भी कार्रवाई हुई है। इसके अलावा छत्रपति संभाजीनगर और परभणी के छप्पन भोग थाली रेस्तरां एंड बैंक्वेट हॉल, म्हारो गायत्री मेवाड़ प्राइवेट लिमिटेड और स्टार बेकरी के लाइसेंस भी खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के उल्लंघन के चलते निलंबित किए गए हैं। FDA की कार्रवाई से साफ है कि पहली चेतावनी के बाद भी नियमों का पालन नहीं करने वाले खाद्य प्रतिष्ठानों पर अब सख्त कार्रवाई की जा रही है। 

और पढ़ें: भारत-नेपाल ने सीमा सुरक्षा पर बढ़ाया सहयोग, बॉर्डर इंफ्रास्ट्रक्चर और ट्रांस-बॉर्डर क्राइम रोकने पर मंथन