Gautam Buddh Nagar Swine Flu News: बदलते मौसम के बीच गौतमबुद्ध नगर में स्वाइन फ्लू के मामले बढ़ते जा रहे हैं। बता दें कि जिले में अब तक 15 मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। बुखार, खांसी, जुकाम और गले में खराश जैसी शिकायतों के साथ लोग अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों का रुख कर रहे हैं। लक्षणों को देखते हुए डॉक्टरों की सलाह पर स्वाइन फ्लू की जांच भी कराई जा रही है।
स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने एहतियाती तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला अस्पताल और ग्रेटर नोएडा स्थित जिम्स अस्पताल में मरीजों के इलाज के लिए बेड आरक्षित किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मरीजों की संख्या और अस्पतालों की व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि जरूरत पड़ने पर संक्रमित मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।
सांस संबंधी बीमारियों के मरीज भी बढ़े
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार मौसम में लगातार बदलाव के कारण वायरल संक्रमण और सांस संबंधी बीमारियों के मामले भी बढ़ रहे हैं। ऐसे में अस्पतालों में आने वाले मरीजों की निगरानी की जा रही है और संदिग्ध मामलों में चिकित्सकीय सलाह के अनुसार जांच कराई जा रही है।
इन लक्षणों को नजरअंदाज न करें
स्वाइन फ्लू के शुरुआती लक्षण सामान्य वायरल बुखार और मौसमी संक्रमण जैसे हो सकते हैं। तेज बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश, नाक बहना, शरीर में दर्द और अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न करने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक संक्रमण से बचाव के लिए भीड़भाड़ वाली जगहों पर सावधानी बरतना, खांसते या छींकते समय मुंह और नाक ढकना और हाथों की नियमित सफाई करना जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग की नजर जिले में संक्रमण की स्थिति और सामने आ रहे नए मामलों पर बनी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जरूरत के अनुसार अस्पतालों में सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी।
और पढ़ें: