सुबह WhatsApp खुलते ही अगर स्क्रीन पर अकाउंट बैन होने का मैसेज दिख जाए, तो परेशानी होना लाजमी है। आज के समय में WhatsApp का इस्तेमाल सिर्फ दोस्तों और परिवार से बात करने के लिए ही नहीं, बल्कि ऑफिस के काम, जरूरी डॉक्यूमेंट भेजने और बिजनेस से जुड़े मैसेज के लिए भी होता है। ऐसे में अकाउंट बंद होने से कई जरूरी काम रुक सकते हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि WhatsApp इस्तेमाल करते समय की गई कुछ गलतियों की वजह से भी अकाउंट बैन हो सकता है? कंपनी स्पैम मैसेज, फर्जी गतिविधियों और यूजर्स को नुकसान पहुंचाने वाले कामों पर नजर रखती है। अगर किसी अकाउंट से नियमों के खिलाफ गतिविधियां होती हैं, तो उस पर कार्रवाई की जा सकती है।
इन गलतियों से बैन हो सकता है आपका अकाउंट
एक ही मैसेज कई लोगों को भेजना
अगर आप थोड़े ही समय में एक जैसा मैसेज बहुत सारे लोगों को भेजते हैं, तो WhatsApp इसे स्पैम मान सकता है। खासकर तब, जब आप लगातार अनजान लोगों को मैसेज भेज रहे हों या बार-बार एक ही तरह के संदेश शेयर कर रहे हों। ऐसी गतिविधियों के कारण आपके अकाउंट पर कार्रवाई हो सकती है।
बिना इजाजत अनजान लोगों को मैसेज करना
किसी ऐसे व्यक्ति को बार-बार मैसेज भेजना, जो आपको नहीं जानता या आपसे संपर्क नहीं करना चाहता, परेशानी खड़ी कर सकता है। अगर सामने वाला व्यक्ति आपके मैसेज से परेशान होकर आपको ब्लॉक करता है या अकाउंट की रिपोर्ट करता है, तो WhatsApp आपके अकाउंट की जांच कर सकता है।
GB WhatsApp और दूसरे अनऑफिशियल ऐप इस्तेमाल करना
कई लोग WhatsApp में अतिरिक्त फीचर्स पाने के लिए GB WhatsApp और YoWhatsApp जैसे ऐप इस्तेमाल करते हैं, लेकिन ये WhatsApp के आधिकारिक ऐप नहीं हैं। इनका इस्तेमाल करने पर अकाउंट पर बैन लग सकता है। इसके अलावा, ऐसे ऐप आपकी निजी जानकारी और चैट की सुरक्षा के लिए भी जोखिम पैदा कर सकते हैं। इसलिए हमेशा आधिकारिक WhatsApp या WhatsApp Business ऐप का ही इस्तेमाल करें।
बिना पूछे लोगों को ग्रुप में जोड़ना
अगर आप किसी व्यक्ति को उसकी मर्जी के बिना WhatsApp ग्रुप में जोड़ते हैं, तो वह इससे परेशान हो सकता है। लगातार ऐसा करने पर लोग आपके अकाउंट को रिपोर्ट भी कर सकते हैं। इसलिए किसी को ग्रुप में जोड़ने से पहले उसकी सहमति लेना बेहतर है।
गलत मैसेज भेजना या थर्ड-पार्टी टूल का इस्तेमाल करना
WhatsApp पर धोखाधड़ी वाले मैसेज भेजना, किसी दूसरे की पहचान का गलत इस्तेमाल करना, लोगों को परेशान करना या नुकसान पहुंचाने वाला कंटेंट शेयर करना नियमों के खिलाफ हो सकता है। इसके अलावा, मैसेज भेजने के लिए अनधिकृत बॉट, ऑटोमेशन टूल या स्क्रिप्ट का इस्तेमाल करना भी अकाउंट पर कार्रवाई की वजह बन सकता है।
WhatsApp अकाउंट बैन हो जाए तो वापस कैसे पाएं?
अगर आपका WhatsApp अकाउंट बैन हो गया है, तो घबराने के बजाय सबसे पहले ऐप खोलकर स्क्रीन पर दिख रहे मैसेज को ध्यान से पढ़ें।
Request a review का विकल्प देखें
अगर आपको लगता है कि आपका अकाउंट गलती से बैन हुआ है, तो WhatsApp खोलें और देखें कि वहां Request a review का विकल्प मिल रहा है या नहीं। अगर यह विकल्प दिखाई देता है, तो उस पर टैप करके अपनी अपील भेजें। जरूरत पड़ने पर अपनी स्थिति के बारे में सही जानकारी भी दें।
WhatsApp के जवाब का करें इंतजार
रिव्यू के लिए अनुरोध भेजने के बाद WhatsApp आपके अकाउंट की जांच कर सकता है। जांच पूरी होने पर आपको ऐप में इसकी जानकारी मिल सकती है। जवाब आने में लगने वाला समय अलग-अलग हो सकता है, इसलिए 24 घंटे के अंदर फैसला आने की गारंटी नहीं है।
अगर अस्थायी बैन लगा है तो देखें टाइमर
कुछ मामलों में अकाउंट पर अस्थायी रोक लगाई जाती है। अगर स्क्रीन पर टाइमर दिखाई दे रहा है, तो उसमें बताए गए समय का इंतजार करें। साथ ही, अगर आप किसी अनऑफिशियल ऐप का इस्तेमाल कर रहे हैं, तो उसे हटाकर आधिकारिक WhatsApp ऐप पर स्विच करें।
अगर अकाउंट फिर भी चालू नहीं होता तो लें आधिकारिक मदद
अगर रिव्यू का विकल्प नहीं दिख रहा है या अपील के बाद भी अकाउंट चालू नहीं होता, तो WhatsApp के आधिकारिक Help Center से संपर्क करने की कोशिश करें। ध्यान रखें कि अकाउंट वापस मिलने की गारंटी नहीं होती। अगर WhatsApp का फैसला आपके खिलाफ रहता है, तो बैन हटना मुश्किल हो सकता है।
WhatsApp अकाउंट को बैन होने से कैसे बचाएं?
अपने अकाउंट को सुरक्षित रखने के लिए अनजान लोगों को बार-बार मैसेज भेजने से बचें। एक ही मैसेज को बहुत सारे लोगों तक लगातार न पहुंचाएं, बिना अनुमति किसी को ग्रुप में न जोड़ें और GB WhatsApp जैसे अनऑफिशियल ऐप का इस्तेमाल न करें। इसके अलावा, WhatsApp के नियमों का पालन करें और किसी भी तरह की धोखाधड़ी या परेशान करने वाली गतिविधि से दूर रहें।
ये भी पढ़ें- Vi के नए फैमिली फीचर से बदलेगा डेटा शेयर करने का तरीका, जानें कैसे करेगा काम