चेन्नई: तमिलनाडु के मंत्री राजमोहन ने चेन्नई की प्रसिद्ध कॉनेमारा लाइब्रेरी में कथित फर्जी किताबों के मामले का खुलासा किया है। मंत्री के मुताबिक, लाइब्रेरी से कुल 523 नकली किताबें जब्त की गई हैं। उन्होंने इसे दुनिया का पहला AI बुक्स स्कैम बताते हुए मामले को गंभीर बताया। इस घटना के बाद लाइब्रेरी में किताबों की प्रामाणिकता और AI के संभावित दुरुपयोग को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

दुनिया का पहला AI किताबों का स्कैम, DVAC ने दर्ज की FIR

दरअसल, तमिलनाडु के स्कूल शिक्षा मंत्री राजमोहन ने मंगलवार को आरोप लगाया कि राज्य की लाइब्रेरी में बड़े पैमाने पर नकली किताबों का स्कैम सामने आया है। उन्होंने इसे “दुनिया का पहला AI किताबों का स्कैम” बताया है। इस संदर्भ में मंत्री राजमोहन ने कहा कि इस मामले में डायरेक्टरेट ऑफ़ विजिलेंस एंड एंटी-करप्शन (DVAC) ने FIR दर्ज की है और अगलविलक्कू पथिप्पगम के मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया है।

ऐतिहासिक कोनेमारा लाइब्रेरी से ज़ब्त की गई 523 नकली किताबें  

इसे लेकर मंत्री राजमोहन ने कहा कि पिछले तीन सालों में तमिल में अगलविलक्कू पथिप्पगम और फीनिक्स पथिप्पगम से लगभग 1.74 करोड़ रुपये की किताबें खरीदी गई हैं। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी किताबों की खरीद की जांच अभी भी चल रही है। राजमोहन ने कहा कि इस मामले में ऐतिहासिक कोनेमारा लाइब्रेरी से 523 नकली किताबें ज़ब्त की गई हैं, और आरोप है कि ये किताबें जाने-माने लेखकों, एक्टर्स और खिलाड़ियों के नाम पर छापी गई थीं।