नई दिल्ली: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने DMK अध्यक्ष एमके स्टालिन पर तीखा हमला बोला है। विजय ने धारापुरम उपचुनाव में TVK उम्मीदवार पी. सत्यबामा को लेकर स्टालिन की कथित टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए इसे महिला उम्मीदवार के प्रति आपत्तिजनक और अशोभनीय बताया।

विजय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए स्टालिन के बयान की आलोचना की। उन्होंने DMK को 'बुराई की ताकत' बताते हुए आरोप लगाया कि चुनावी सभा के दौरान स्टालिन ने सत्यबामा की शारीरिक बनावट का मजाक उड़ाया और उनके बारे में अभद्र टिप्पणी की।

विजय ने कहा कि धारापुरम में उपचुनाव के प्रचार के नाम पर DMK की ओर से आयोजित सभा में उनकी पार्टी की उम्मीदवार के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने स्टालिन पर सत्यबामा को लेकर 'अशोभनीय' टिप्पणी करने का आरोप लगाया।

'पेट्टी बामा' और 'पल्टी बामा' कहने का आरोप
विवाद की शुरुआत शुक्रवार को धारापुरम में DMK उम्मीदवार एस. सुगन्या के समर्थन में हुई स्टालिन की चुनावी सभा के बाद हुई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्टालिन ने सत्यबामा के AIADMK छोड़कर TVK में जाने को लेकर उन पर तंज कसते हुए कथित तौर पर 'पेट्टी बामा' और 'पल्टी बामा' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया।

TVK नेताओं ने आरोप लगाया कि इन टिप्पणियों में सत्यबामा की शारीरिक बनावट को लेकर भी निशाना साधा गया। पार्टी ने इसे बॉडी-शेमिंग बताते हुए स्टालिन से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

TVK ने चुनाव आयोग जाने की बात कही
TVK मंत्री सीटीआर निर्मल कुमार ने भी स्टालिन की कथित टिप्पणी की आलोचना की। कोयंबटूर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि एक महिला उम्मीदवार के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करना आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि पार्टी इस मामले को चुनाव आयोग के सामने उठाएगी।

निर्मल कुमार ने यह भी कहा कि सत्यबामा अनुसूचित जाति समुदाय से आती हैं और सक्रिय रूप से चुनावी राजनीति में हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने स्टालिन से सार्वजनिक माफी की मांग की।

6 अक्टूबर को धारापुरम में उपचुनाव
धारापुरम सीट पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव होना है। यह सीट पूर्व AIADMK विधायक पी. सत्यबामा के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। सत्यबामा ने बाद में AIADMK छोड़कर TVK का दामन थाम लिया और अब TVK के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। इस सीट पर DMK ने एस. सुगन्या और AIADMK ने के. भानुमति को उम्मीदवार बनाया है। उपचुनाव से पहले नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।