ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत के मामले में एक नया खुलासा सामने आया है। मृतक महेश के मोबाइल में मिला वॉइस नोट अब पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन गया है। इस रिकॉर्डिंग में महेश ने अपनी दो बहनों और एक बहनोई पर परिवार की मौत के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया है। इसके बाद महेश के साले की शिकायत पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार सुबह नगला श्रीपदम गांव में एक ही घर के अंदर परिवार के पांच लोग मृत पाए गए थे। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जांच में पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई थी, लेकिन अब वॉइस नोट सामने आने के बाद मामले की जांच नए सिरे से की जा रही है।

वॉइस नोट में महेश ने लगाए आरोप

पांच लोगों की मौत के बाद महेश के मोबाइल से मिली ऑडियो रिकॉर्डिंग ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। बताया जा रहा है कि इस रिकॉर्डिंग में महेश ने अपनी दो बहनों और एक बहनोई को परिवार की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। परिवार में पहले से संपत्ति को लेकर विवाद होने की बात भी सामने आई है। महेश के साले ने इस मामले में पुलिस से शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

पोस्टमार्टम में मिले जहरीले पदार्थ के संकेत

परिवार के पांचों सदस्यों के पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों को जहरीले पदार्थ के सेवन से जुड़े लक्षण मिले हैं। इसके बाद पुलिस ने सभी के विसरा के नमूने सुरक्षित कर जांच के लिए भेज दिए हैं। पुलिस का कहना है कि विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह का पता चल सकेगा। रिपोर्ट से यह समझने में भी मदद मिलेगी कि मौत किन परिस्थितियों में हुई।

संपत्ति विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच

फिलहाल पुलिस संपत्ति विवाद, महेश के वॉइस नोट, परिजनों की शिकायत और पोस्टमार्टम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए तीनों लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। इस मामले में अभी कई सवालों के जवाब मिलना बाकी है। परिवार के पांचों लोगों की मौत कैसे हुई और इसके पीछे क्या वजह थी, इसका खुलासा पुलिस जांच और विसरा रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

ये भी पढ़ें- Explainer: फ्रांस में क्यों सड़कों पर उतरे लाखों लोग?जानिए मैक्रों सरकार के खिलाफ आंदोलन की पूरी कहानी