उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (UPCC) में कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दिए जाने के बाद इमरान मसूद की प्रतिक्रिया सामने आई है। अपनी नई जिम्मेदारी संभालने के बाद कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने कहा कि पार्टी ने उनसे जो उम्मीदें की हैं, उन्हें वे पूरा करने की पूरी कोशिश करूँगा और पार्टी के नेतृत्व करने में खरा उतरूंगा। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे एवं पार्टी का जो भी निर्णय होगा, वह उसे स्वीकार करेंगे और पार्टी जहां काम करने के लिए कहेगी, वहां काम करेंगे।
जो पार्टी का निर्णय होगा उसे स्वीकार करूंगा: इमरान मसूद
UPCC कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने साफ तौर पर कहा कि 'जो राहुल जी, प्रियंका जी का निर्णय है, जो पार्टी का निर्णय है, खड़गे साहब का निर्णय है, उसके ऊपर मेरा कोई बोलने का मतलब ही नहीं है। जहां वो मुझे लगाएंगे, मैं वहां काम करूंगा। उन्होंने जो बेहतर समझा है और जो मुझसे उम्मीद है, मैं कोशिश करूंगा कि उन उम्मीदों को पूरा करूं.'
इमरान मसूद ने अजय राय के काम की सराहना की
इसके साथ ही उन्होंने इस बात पर ज़ोर देते हुए कहा कि पार्टी का फ़ैसला सबसे ऊपर है। इमरान मसूद ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के काम की तारीफ करते हुए कहा कि "अजय राय ने निश्चित रूप से पार्टी के लिए बहुत संघर्ष किया है और बहुत अच्छा संगठन खड़ा किया है। इसमें कोई दो राय नहीं है, लेकिन पार्टी का निर्णय होता है और पार्टी का निर्णय है, बस और कुछ नहीं।"
पार्टी ने जिसे जहां उचित समझा, वहां लगाया
इमरान मसूद ने आराधना मिश्रा 'मोना' को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाए जाने पर कहा कि, अच्छा है, पार्टी ने जिसे जहां उचित समझा, वहां लगाया, उसके अंदर हमारी राय थोड़ी ली जाती है। वहीं पंजाब में परगट सिंह को अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर इमरान मसूद कहा कि, यह निर्णय राहुल जी का है। इसमें कोई कुछ नहीं बता सकता है। जो पार्टी निर्णय ले रही है, खड़गे साहब निर्णय ले रहे हैं, राहुल जी निर्णय ले रहे हैं, वही हो रहा है।
ये भी पढ़ें-171 मंडलों में BJP तैनात करेगी 171 विस्तारक, 8 हजार बूथों पर हर माह हो रही बैठकें: राजीव बिंदल