नई दिल्ली: दिल्ली के विकासपुरी स्थित एफ ब्लॉक के दशहरा ग्राउंड में हुए हादसे में घायल 27 वर्षीय गुड़िया की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना में घायल 35 वर्षीय रवि का अस्पताल में उपचार जारी है। महिला की मौत के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 भी जोड़ दी है। वहीं, मृतका के परिजनों ने अब तक कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए न्याय की मांग की है।
गुड़िया की बहन पूजा ने बताया कि हादसा रात करीब एक बजे हुआ था। उनके मुताबिक, घटना के बाद घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए परिवार को खुद व्यवस्था करनी पड़ी। पूजा ने कहा कि वे गुड़िया को अस्पताल लेकर गए, जहां पुलिस के दो अधिकारी भी पहुंचे थे, लेकिन उन्हें अब तक कार्रवाई की जानकारी नहीं मिली है।
पूजा ने कहा, “मेला अब भी चल रहा है। हम न्याय चाहते हैं।” परिजनों के मुताबिक, घायल को रिक्शे से अस्पताल ले जाना पड़ा। उन्होंने घटना के बाद की गई कार्रवाई और मेले के संचालन को लेकर भी सवाल उठाए हैं।
#WATCH | Delhi: Pooja, Sister of the deceased victim says, "The incident occurred at 1 o'clock. We took her to the hospital, where two police officers arrived. No action has been taken yet. The fair is still ongoing. We want justice." (21.10) https://t.co/cUGYVR1Vsx
— ANI (@ANI) October 22, 2026
इलाज के दौरान गुड़िया ने तोड़ा दम
दिल्ली पुलिस के अनुसार, हादसे में घायल गुड़िया को इलाज के लिए राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में BNS की धारा 106 जोड़ दी।
वहीं, हादसे में घायल रवि की हालत गंभीर, लेकिन स्थिर बताई गई है। उसका अस्पताल में इलाज जारी है।
बिहार की रहने वाली थी मृतका
पुलिस के मुताबिक, गुड़िया मूल रूप से बिहार की रहने वाली थी और अविवाहित थी। वह दिल्ली के उत्तम नगर में अपनी बहन और बहनोई के साथ रहती थी। गुड़िया घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी।
हादसे की जांच में जुटी पुलिस
दिल्ली पुलिस का कहना है कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
दूसरी ओर, गुड़िया की मौत के बाद उसके परिजन कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। परिवार ने घटना की जिम्मेदारी तय करने और उन्हें न्याय दिलाने की अपील की है।
यह भी पढ़ें: 15 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट, जानिए दिल्ली-UP समेत देशभर में कैसा रहेगा मौसम