गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना और उनके जीवन में सुख-समृद्धि लाना सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर पीड़ित की शिकायत को संवेदनशीलता से सुनते हुए उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।

करीब 200 लोगों से मिले सीएम योगी

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने बैठे लोगों के पास पहुंचकर एक-एक करके उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने लोगों के प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए जल्द और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दूसरों की जमीन पर अवैध कब्जा करने या कमजोर लोगों को उनकी संपत्ति से बेदखल करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। वहीं, जमीन या संपत्ति से जुड़े पारिवारिक विवादों को संबंधित पक्षों के बीच आपसी बातचीत के जरिए सुलझाने का प्रयास किया जाए।

राजस्व और पुलिस से जुड़े मामलों में पारदर्शिता के निर्देश

सीएम योगी ने राजस्व और पुलिस से संबंधित मामलों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और हर पीड़ित को संवेदनशीलता के साथ मदद मिलनी चाहिए। साथ ही, सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश भी दिए।

इलाज के लिए आर्थिक मदद मांगने वालों को दिया भरोसा

जनता दर्शन में कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इलाज के खर्च का अनुमान (एस्टीमेट) तैयार करने की प्रक्रिया जल्द पूरी कर उसे शासन को भेजा जाए, ताकि सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ सके।

सीएम योगी ने यह भी पूछा कि इलाज के लिए सहायता मांगने वाले लोगों के पास आयुष्मान कार्ड है या नहीं। जिन जरूरतमंदों के पास कार्ड नहीं था, उनके लिए आयुष्मान कार्ड बनवाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बच्चों को चॉकलेट दी, अन्नप्राशन संस्कार भी कराया

जनता दर्शन में कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ पहुंची थीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत की, उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रोत्साहित किया और चॉकलेट देकर आशीर्वाद दिया।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर का भ्रमण किया और गोशाला में गायों को रोटी व गुड़ खिलाया। मंदिर परिसर में मौजूद बच्चों से भी उन्होंने बातचीत की और उन्हें चॉकलेट दी। इस दौरान उन्होंने एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।

यह भी पढ़ें:  टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, हथियार सप्लाई के लिए ‘डेड लेटर बॉक्स’ का किया गया इस्तेमाल!