गांधीनगर:गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने नर्मदा जिले में राजपीपला-रामगढ़ (नवागाम) सड़क पर कर्जन नदी पर बने पुल की निर्माण गुणवत्ता में गंभीर खामियां मिलने के बाद ठेकेदार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जिसके बाद सड़क एवं भवन विभाग ने मेसर्स रॉयल इंफ्रा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ FIR दर्ज कराई है।
असुरक्षित घोषित कर पुल पर यातायात किया बंद
दरअसल, पुल के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को इसकी एक नींव में धंसाव दिखाई दिया। इसके बाद गुणवत्ता नियंत्रण विभाग ने पूरे पुल की विस्तृत जांच की। जांच में संरचना के दूसरे हिस्सों में भी गंभीर खामियां पाई गईं, जिससे सार्वजनिक उपयोग के लिए इसकी सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।। इसके बाद पुल को वाहनों की आवाजाही के लिए अनुपयुक्त एवं असुरक्षित घोषित कर यातायात बंद कर दिया गया।
खराब गुणवत्ता को लेकर सरकार ने उठाए सख्त कदम
इस तरह पुल की खराब निर्माण गुणवत्ता को लेकर राज्य सरकार ने सख्त कदम उठाया है। इस पुल के निर्माण का ठेका वर्ष 2018-19 में 10.71 करोड़ रुपये की निविदा राशि पर दिया गया था। निर्माण कार्य 15 सितंबर 2018 को शुरू हुआ और 14 अगस्त 2020 को पूरा हुआ।
ये भी पढ़ें-नशा तस्करी पर अमित शाह सख्त, 20 अक्टूबर को पंजाब में पीड़ित परिवारों से करेंगे मुलाकात