नई दिल्ली: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 20 अक्टूबर को पंजाब का दौरा करेंगे। इस दौरान वे मानसा, संगरूर और गुरदासपुर जिलों में उन लोगों के परिवारों से मुलाकात करेंगे, जिन्होंने नशा तस्करों के खिलाफ आवाज उठाई थी और इसके बाद अपनी जान गंवा दी।
पंजाब की जनता नशा तस्करों को करारा जवाब देगी
अमित शाह ने कहा कि वह उन लोगों के परिवारों से मिलेंगे, जिन्होंने इस अवैध नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ आवाज उठाई थी। अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए, शाह ने कहा कि जिन परिवारों ने अपने अपनों को खोया है, उनके दुख को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ उठने वाली आवाजों को दबाने की कोशिशें कभी सफल नहीं होंगी और पंजाब की जनता इसके लिए जिम्मेदार लोगों को करारा जवाब देगी।
नशा तस्करों की पहचान कर उन्हें जेल भेजेगी केंद्र सरकार
शाह ने आगे कहा कि भारत सरकार नशा तस्करों की पहचान करेगी और उन्हें जेल भेजेगी। इसके साथ ही उन्होंने पंजाब और पूरे देश को नशीले पदार्थों के खतरे से मुक्त करने के अपने संकल्प को दोहराया। अमित शाह ने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि, आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार ने पंजाब को नशीले पदार्थों के संकट में गहराई तक धकेल दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में हेरोइन यानी 'चिट्टा' का कारोबार करने वाले नशा तस्कर AAP सरकार के संरक्षण में फल-फूल रहे हैं। AAP सरकार की इन्हीं नीतियों के कारण कई युवाओं की जान गई है।
ये भी पढ़ें-लेह में J-K हाईकोर्ट की नई बेंच की शुरूआत, CJI सूर्यकांत ने कहा- ‘यह पीठ न्याय की पहुंच को करीब लाएगी’