पटना: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रविवार 18, अक्टूबर को भारत के आंतरिक मामलों में गैर-भारतीय नागरिकों की भागीदारी को "अस्वीकार्य" बताया। उन्होंने यह टिप्पणी अभिनेता इमरान खान को जारी किए गए 'लीव इंडिया' (भारत छोड़ो) नोटिस के संदर्भ में की है।
आंतरिक मामलों में विदेशी नागरिकों की भागीदारी उचित नहीं
इस संदर्भ में चिराग पासवान ने कहा कि वह भारतीय नागरिकों द्वारा किए जाने वाले शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों का समर्थन करते हैं, लेकिन देश के आंतरिक मामलों में विदेशी नागरिकों की भागीदारी का विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि, "भारतीय नागरिकों को देश के भीतर रहते हुए भारत से जुड़े मामलों में भूमिका निभाने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि, मैंने हमेशा शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों का समर्थन किया है। लेकिन, जो व्यक्ति भारतीय नागरिक नहीं है, उसका भारत के आंतरिक मामलों में दखल देना या ऐसी चीजों में शामिल होना मुझे उचित नहीं लगता।
इमरान को क्यों दिया गया भारत छोड़ने का नोटिस?
दरअसल, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में विरोध प्रदर्शन किया गया। जिसमें अभिनेता इमरान खान भी शामिल थे। विरोध प्रदर्शन में उनकी इसी मौजूदगी के बाद इमरान खान को विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) की ओर से 28 अक्टूबर 2026 तक भारत छोड़ने का नोटिस दिया गया। जिसके बाद अभिनेता ने इस नोटिस को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी।
ये भी पढ़ें-ग्वालियर ट्रक हादसा में कथित लापरवाही पर CM सख्त, CSP हटाने और 8 पुलिसकर्मियों को निलंबित करने का दिया आदेश