Balrampur Car Accident: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे ने खुशियों और सुकून के माहौल को मातम में बदल दिया। दुर्गा मंदिर में आरती के बाद सड़क किनारे पर्दे पर वीडियो देख रहे ग्रामीणों को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बहराइच रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में चीख-पुकार मच गई और मृतकों के परिवारों में कोहराम है।

कहां की है ये घटना?
दरअसल, ये घटना बलरामपुर देहात क्षेत्र के चरनगहिया-बेलहा गांव की रात करीब 11 बजे की है। बताया जा रहा है कि दुर्गा मंदिर में आरती समाप्त होने के बाद कुछ ग्रामीण सड़क किनारे टेंट लगाकर पर्दे पर वीडियो देख रहे थे। इसी दौरान गौरा चौराहा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित हो गई।

कार टेंट का हिस्सा तोड़ते हुए वहां मौजूद लोगों पर चढ़ गई। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही कई ग्रामीण कार की चपेट में आ चुके थे। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों की मदद शुरू की और पुलिस को सूचना दी।

तीन परिवारों में छाया मातम, चार लोग घायल
इस हादसे में पाटेश्वरी प्रसाद उर्फ महता प्रसाद (42), मनोज सिंह (51) और गणेश पांडेय (45) की मौत हो गई। वहीं, छेदीराम (50), घोपराम (31), डब्लू (37) और मुकेश तिवारी (30) घायल हो गए। सभी पीड़ित इसी गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने घायलों को जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दो घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बहराइच रेफर कर दिया गया। बाकी घायलों का इलाज जारी है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई। जिस जगह कुछ देर पहले लोग साथ बैठकर वीडियो देख रहे थे, वहां देखते ही देखते मातम छा गया।

चालक हिरासत में, नशे में होने की आशंका
हादसे में शामिल कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और चालक को हिरासत में लिया गया है। सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि शुरुआती जानकारी में चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। 

और पढ़ें: कोलकाता दुर्गा पूजा पंडाल में कैसे मची मौत की भगदड़? 19 लोगों की गई जान, मृतकों के परिवारों को 25 लाख और सरकारी नौकरी का ऐलान