Sanju Samson: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच टी20 मैच की सीरीज का पहला मुकाबला क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल स्टेडियम में खेला गया था, जिसमें भारतीय टीम ने 226 रन का ऐतिहासिक रन चेज किया।

यह भारत का टी20 इंटरनेशनल में सफलतापूर्वक हासिल किया सबसे बड़ा स्कोर था और इसमें विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन के बल्ले निकली 33 गेंदों पर 67 रन की पारी का अहम रोल रहा।

संजू को उनकी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवार्ड से नवाजा गया, लेकिन यह खिताब वैभव सूर्यवंशी के प्लेइंग इलेवन में शामिल होने के ख्वाब को कुछ ओर मैचों के लिए विराम दे सकता है।

संजू का शानदार फॉर्म जारी

साल 2026 में संजू सैमसन का शानदार फॉर्म देखने को मिला है। टी20 विश्व कप 2026 से शुरू हुए इस फॉर्म को संजू ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में भी जारी रखा और सिर्फ 33 गेंदों पर 67 रन की मैन विनिंग नॉक खेली। संजू की इस पारी में 8 चौके और 4 छक्के शामिल थे और उनका स्ट्राइक रेट 203.33 का था।

जब लग रहा था कि भारत इस मैच को गंवा बैठेगा तो संजू ने जिम्मेदारी संभालते हुए अभिषेक शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 35 गेंदों पर 93 रन जोड़े, जिसमें विकेटकीपर बल्लेबाज ने अकेले 23 गेंदों पर 50 रन का योगदान दिया था।

2026 में लगाया रनों का अंबार

संजू सैमसन का बल्ला साल 2026 में रन उगल रहा है। इस साल 31 वर्षींय बल्लेबाज ने भारत के लिए 26 पारियां खेली हैं, जिसमें उन्होंने 30.80 की शानदार औसत और 181.17 के तूफानी स्ट्राइक रेट से 770 रन बनाए हैं।

इस दौरान संजू ने 8 अर्धशतकीय पारियां खेली हैं, जो उनकी निरंतरता को दर्शाता है। वहीं, पिछली 10 टी20 पारियों में संजू सैमसन ने भारत के लिए 4 अर्धशतकीय पारियां खेली हैं। इसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 82 रन था, जो वेस्टइंडीज के खिलाफ रांची टी20 में आया था।

टूटा वैभव सूर्यवंशी का सपना!

भारत के युवा विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पिछले छह टी20 मैचों से बाहर बैठे हुए हैं। वह लगातार टीम के साथ ट्रेवल कर रहे हैं, लेकिन उनको प्लेइंग इलेवन में खेलने का मौका नहीं मिल रहा है।

पहले लग रहा था कि अगर संजू के कुछ मैच बेकार होते हैं तो उनके स्थान पर वैभव को मौका दिया जा सकता है, लेकिन संजू की इस मैच विनिंग पारी के बाद वैभव को अब कुछ और मैचों के लिए बेंच पर बैठना होगा, क्योंकि संजू के अलावा अभिषेक शर्मा और ईशान किशन भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर अपने इन फॉर्म बल्लेबाजों में से किसी को बाहर नहीं करना चाहेंगे।

ये भी पढ़ें- IND vs NZ 1st T20: सांस रोक देने वाले मैच में चमके संजू-श्रेयस, भारत ने दर्ज की शानदार जीत