IND vs NZ 1st T20: गुरुवार को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच टी20 मैच की सीरीज का पहला मुकाबला खेला गया था, जिसमें मेहमान टीम ने 4 विकेट से बाजी मारी। इस मैच में भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर मेजबान को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था।
पहले बैटिंग करते हुए न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवर में 225/4 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारत ने 19.4 ओवर में सफलतापूर्वक 226 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत की इस जीत के हीरो कप्तान श्रेयस अय्यर और विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन रहें, जिनके बल्ले से शानदार अर्धशतकीय पारी देखने को मिली।
अभिषेक-संजू ने दी शानदार शुरुआत
न्यूजीलैंड ने भारत को जीत के लिए 20 ओवर में 226 रन का टारगेट दिया था। टीम इंडिया को जीत के लिए अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन से एक तेज तर्रार शुरुआत की जरूरत थी और इन दोनों बल्लेबाजों ने टीम प्रबंधन को बिल्कुल भी निराश नहीं किया। अभिषेक और संजू ने पहले विकेट के लिए 35 गेंदों पर 93 रन की तूफानी साझेदारी कर भारत की जीत की नींव रखी।
हालांकि, अभिषेक शर्मा 12 गेंदों पर 29 रन बनाकर आउट हो गए तो संजू सैमसन भी 33 गेंदों पर 67 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद नंबर तीन पर आए तिलक वर्मा (6) और पांचवें नंबर पर उतरे ईशान किशन (1) सस्ते में आउट हो गए।
श्रेयस-धीर ने खेली उपयोगी पारियां
तिलक और ईशान के लगातार दो बड़े झटकों ने टीम इंडिया की चिंता को बढ़ा दिया था लेकिन कप्तान श्रेयस अय्यर ने पहले अक्षर पटेल के साथ पांचवें विकेट के लिए 24 गेंदों पर 45 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला और अक्षर (24) के आउट होने के बाद नमनधीर के साथ छठे विकेट के लिए 23 गेंदों पर 43 उपयोगी रन जोड़े।
हालांकि, कप्तान 28 गेंदों पर 42 रन बनाकर आउट हो गए थे। लेकिन नमनधीर ने मात्र 15 गेंदों पर नाबाद 42 रन बनाकर टीम को जीत की दहलीज के पार पहुंचाया। आपको बता दें कि, पारी के आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर नमन ने छक्का मारकर सीरीज में 1-0 की अहम बढ़त दिलाई।
न्यूजीलैंड ने बनाए थे 225/4 रन
इससे पहले न्यूजीलैंड टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी थी। टीम को फिन एलन और टिम सीफर्ट की ओपनिंग जोड़ी ने 30 गेंदों पर 49 रन की दमदार शुरुआत दिलाई। सीफर्ट 17 गेंदों पर 24 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद फिन एलन ने 24 गेंदों पर 45 रन बनाए। जबकि डेरिल मिचेल ने 19 बॉल पर 28 रन बनाए तो बेवॉन जैकब्स ने 16 पर 31 रन की तूफानी पारी खेली।
हालांकि, कीवियों को 20 ओवर में 225/4 पर पहुंचाने में ग्लेन फिलिप्स का अहम रोल रहा, क्योंकि उनके बल्ले से 40 गेंदों पर नाबाद 82 रन की तूफानी पारी देखने को मिली थी, जिसमें उन्होंने 8 चौके और 3 छक्के मारे थे। इस दौरान फिलिप्स का स्ट्राइक रेट 205 का था। वहीं, भारत की ओर से अर्शदीप सिंह, मयंक यादव और अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट साझा किए।
ये भी पढ़ें- कमबैक मैच में महंगे साबित हुए भुवनेश्वर कुमार, न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 में जमकर हुई पिटाई