Pratika Rawal T20 International debut: हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय महिला टीम ने 2025 महिला वर्ल्ड कप की ट्रॉफी उठाई थी और उसमें प्रतिका रावल का काफी बड़ा योगदान रहा है, जिस वजह से अब उन्हें टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भी डेब्यू करने का मौका मिल गया है।
प्रतिका को सीधे एशिया कप जैसे बड़े मंच पर डेब्यू करने का मौका मिला है और अब वो वनडे के बाद टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भी अपनी बल्लेबाजी से इतिहास रचेंगी।
प्रतिका रावल ने किया टी20 डेब्यू
2025 वनडे वर्ल्ड कप के सिर्फ 6 मैचों में 308 रन बनाने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज प्रतिका रावल ने 30 अगस्त, 2026 को अपना टी20 डेब्यू किया। उन्होंने महिला टी20 एशिया कप 2026 के मैच नंबर 3 में थाईलैंड महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रखा और करियर की दमदार शुरुआत भी की। प्रतिका को भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने डेब्यू कैप सौंपी और बधाई दी।
जेमिमा रोड्रिग्ज के जगह मिला है चांस
दरअसल, भारत की स्टार टॉप ऑर्डर बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्ज को एशिया कप 2026 के लिए टीम इंडिया के स्क्वाड में चुना गया था। मगर वो इंजरी के कारण बाहर हो गईं, जिस वजह से बाद में बोर्ड ने प्रतिका को जगह दी और अब डेब्यू का चांस मिला।
उन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए अपने करियर की चौथी ही गेंद पर एक दमदार छक्का लगाकर शुरुआत की। उन्होंने 18 गेंदों में 122.22 के स्ट्राइक रेट से 22 रन बनाकर अपना विकेट खोया। इस बीच उनके बल्ले से 2 चौके और एक छक्का आया।
कुछ ऐसे हैं प्रतिका रावल के आंकड़े
25 वर्षीय प्रतिका रावल अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए जानी जाती हैं। वनडे क्रिकेट में उन्होंने अब तक 27 मैचों की 26 पारियों में 1189 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 2 शतक और 8 अर्धशतक आया है।
भारत की इस स्टार खिलाड़ी के नाम वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 500 रन (मात्र 8 पारियों में) और सबसे तेज 1000 रन (23 पारियों में) का भी रिकॉर्ड दर्ज है। वो संयुक्त रूप से दुनिया की सबसे तेज महिला बल्लेबाज हैं। टेस्ट की बात करें तो अब तक उन्हें सिर्फ एक ही मैच खेलने का मौका मिला है, जिसमें उनके बल्ले से 1 मैच में 81 रन आए हैं।
यह भी पढ़ें: Women's Asia Cup Winners: 2004 से अब तक इन टीमों के सिर सजा एशिया का ताज, देखें फुल लिस्ट