DC New Spin Coach: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने अपने कोचिंग स्टाफ में एक स्टार स्पिनर को शामिल किया है। इससे पहले दिल्ली ने सौरव गांगुली को टीम का हेड कोच नियुक्त किया था तो युवराज सिंह को सहायक और बल्लेबाजी कोच बनाया था।

वहीं, कुछ दिनों बाद श्रीलंका के दिग्गज तेज गेंदबाज चामिंदा वास को दिल्ली के तेज गेंदबाजी कोच के तौर पर चुना गया है। अब दिल्ली मैनेजमेंट ने भारत के स्टार लेग स्पिनर को टीम का नया स्पिन बॉलिंग कोच बनाया है। इस गेंदबाज के पास आईपीएल में कुल 162 मैच खेलने का अनुभव है।

दिल्ली में दिग्गज की एंट्री

आईपीएल 2027 से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने भारत के पूर्व लेग स्पिनर अमित मिश्रा को अपना स्पिन बॉलिंग कोच बनाया है। मिश्रा को आईपीएल में बहुत अनुभव है, उन्होंने चार फ्रेंचाइजी के लिए 162 मैच खेले हैं।

टूर्नामेंट में सफल करियर के बाद यह अनुभवी स्पिनर पहली बार आईपीएल कोचिंग में उतरेगा। पूर्व लेग स्पिनर ने दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स), डेक्कन चार्जर्स, सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेला है।

दिल्ली ने शेयर किया पोस्ट

दिल्ली कैपिटल्स ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर अमित मिश्रा का स्वागत किया है। डीसी ने एक्स पर पोस्ट किया, "OG टाइगर वापस आ गया है। अमित मिश्रा, हमारे अब तक के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज, अब हमारे स्पिन-बॉलिंग कोच हैं।"

मिश्रा ने पिछले सितंबर में प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, 162 मैचों में 174 विकेट के साथ आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों में से हैं। उनके नाम टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा हैट्रिक लेने का रिकॉर्ड भी है, उन्होंने अपने आईपीएल करियर में तीन हैट्रिक ली हैं।

इंटरनेशनल क्रिकेट का अनुभव

लेग स्पिनर अमिता मिश्रा ने साल 2003 में भारतीय टीम के लिए पदार्पण किया था और साल 2017 तक प्रतिनिधित्व करते रहे। हालांकि, 14 साल के इंटरनेशनल करियर में मिश्रा ने भारत के लिए 22 टेस्ट, 36 वनडे और 10 टी20 इंटरनेशनल खेले थे, जिसमें क्रमश: 76, 64, 16 विकेट मिश्रा ने लिए थे।

हालांकि, मिश्रा के पास 259 टी20 मैच खेलने का अनुभव है, जिसमें उन्होंने 285 विकेट झटके हैं। अब दिल्ली के स्पिन विभाग को सुधारने में मिश्रा इस अनुभव का इस्तेमाल कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें- ICC ने किया टी20 वर्ल्ड कप 2027 के शेड्यूल का ऐलान, भारत के दो पड़ोसी देशों को सौंपी मेजबानी