India vs Japan, BCCI: भारत और जापान की पुरुष क्रिकेट टीम के बीच अब तक एक भी टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला गया है। लेकिन बीसीसीआई ने पहली बार जापानी टीम के साथ एक मैच खेलने का ऐलान कर दिया है। बोर्ड ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस बात की जानकारी दी और मैच के डिटेल्स साझा किए।
भारत और जापान क्रिकेट टीम के बीच पहली बार होगा मैच
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट के जरिए भारत और जापान के बीच पहली बार मैच होने की जानकारी दी। बोर्ड ने बताया कि भारत और जापान के बीच रिश्तों की 75वीं सालगिरह का जश्न मनाने के लिए दोनों टीमों के बीच एक ऐतिहासिक टी20 मैच का आयोजन किया जाएगा।
यह मैच मंगलवार, 22 सितंबर को जापान के टोचिगी प्रीफेचर में होगा। भारत-जापान का यह मैच सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा। इस मैच की शुरुआत भारतीय समयानुसार सुबह 9:30 बजे शुरू होगी।
शुरू की जा रही है नई पहल
बता दें कि भारत-जापान का यह मैच दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की 75वीं सालगिरह के समारोहों की शुरुआत करेगा। इसके लिए स्पोर्ट 75 नाम की पहल शुरू की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य खेलों के माध्यम से दोनों देशों के बीच आपसी संपर्क और सहयोग को बढ़ावा देना है। इसकी शुरुआत उस समझौते की वजह से हुई है, जो जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच शिखर बैठक के दौरान हुई थी। मालूम हो कि भारत-जापान के बीच सिर्फ एक ही मैच होगा और इसका नाम सुजुकी कप दिया गया है।
India vs Japan मैच की डिटेल्स
मैच: एक टी20 इंटरनेशनल मैच
तारीख: मंगलवार, 22 सितंबर 2026
समय: सुबह 9:30 बजे से (भारतीय समयानुसार - IST)
स्थान: सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड, तोचिगी प्रीफेचर (जापान)
ट्रॉफी का नाम: सुजुकी कप (Suzuki Cup)
देवजीत सैकिया ने कही ये बात
भारत और जापान के बीच मुकाबले को बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने भारतीय क्रिकेट के लिए एक खास अवसर बताया। उन्होंने कहा दोनों टीमों के बीच मैच क्रिकेट के लिए काफी इम्पोर्टेन्ट है।
देवजीत सैकिया ने कहा, "बीसीसीआई इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बनकर बेहद खुश है, जब भारतीय और जापानी पुरुष टीमें जापान में एक विशेष टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में आमने-सामने होंगी। यह क्रिकेट के लिए एक महत्वपूर्ण पल है, क्योंकि भारतीय टीम एक नए क्षेत्र में जा रही है और इससे जापान व पूर्वी एशिया में क्रिकेट को व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।"
बताते चलें कि यह मैच जापान में आयोजित हो रहे एशियन गेम्स 2026 के शुरू होने से ठीक पहले खेला जाएगा। इंडियन मेन्स टीम को एशियन गेम्स में अपना पहला मैच (क्वार्टर फाइनल) 28 सितंबर को खेलना है। यानी एशियन गेम्स में अपने मैच से ठीक 6 दिन पहले इंडियन टीम जापान के साथ एक ऐतिहासिक मुकाबला खेलेगी।
यह भी पढ़ें: 2027 वर्ल्ड कप के बाद संन्यास का ऐलान कर देंगे ये चार खिलाड़ी! लिस्ट में रोहित-विराट का नाम भी शामिल