Vaibhav Sooryavanshi: भारत के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच टी20 मैच की सीरीज में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला था। वैभव पूरी श्रृंखला के दौरान केवल बेंच पर ही बैठे नजर आए लेकिन हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर ने उनको प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया।
लग रहा था कि इस सीरीज में वैभव भारतीय सरजमीं पर पदार्पण कर लेंगे, लेकिन ऐसा संभव न हो सका। अब इस युवा स्टार को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं करने पर पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है और बीसीसीआई को खास सलाह दे डाली।
उनके लिए जगह नहीं बन पा रही है- आकाश
भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज और प्रसिद्ध कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा,
"वैभव सूर्यवंशी को मौके नहीं मिल रहे हैं क्योंकि उनके लिए जगह नहीं बन रही है। आप उन्हें किसकी जगह खिलाएं? सच कहूं तो, वह सिर्फ संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा या ईशान किशन की जगह ही खिला सकते हैं। जब तीन लोग अच्छा कर रहे हों, तो आपको अचानक मौका नहीं मिल सकता। मुझे पता है कि यह दिल तोड़ने वाला है, लेकिन कोई और रास्ता नहीं है। मैं जो तरीका सुझा रहा हूं, उससे कोई सहमत नहीं है। आप रोटेशन कर सकते हैं। उन चारों को रोटेशन में मौके दें।"
रणजी ट्रॉफी खेलने की दी सलाह
आकाश चोपड़ा ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को सलाह दी है कि वैभव सूर्यवंशी को बेंच पर ही बैठाना है तो फिर इससे अच्छा उनको रणजी ट्रॉफी में खेलने का मौका दिया जाना चाहिए। चोपड़ा ने यह भी कहा कि पूरी सीरीज में बिना कोई खेलने का समय दिए सूर्यवंशी को टीम में रखने से कोई खास फायदा नहीं होगा।
ऐसे में, उनका मानना है कि इस टीनएजर को रणजी ट्रॉफी में खेलने के लिए रिलीज कर देना चाहिए। आपको बता दें कि, वैभव सूर्यवंशी आखिरी बार रेड बॉल क्रिकेट में दलीप ट्रॉफी 2026 में खेलते दिखे थे। उन्हें ईस्ट जोन का उप कप्तान बनाया गया था, जिस टीम ने अंत में जाकर ट्रॉफी उठाई थी।
टीम के साथ NZ जाएंगे वैभव
भारतीय टीम की मुख्य चयन समिति ने वैभव सूर्यवंशी का चयन न्यूजीलैंड में खेली जाने वाली पांच टी20 मैचों की सीरीज के लिए किया है लेकिन उन्हें वहां कितने मौके मिलेंगे यह अभी स्पष्ट नहीं है। आपको बता दें कि, इस 15 साल के बल्लेबाज ने भारत के लिए अभी तक 8 टी20 पारियां खेली हैं, जिसमें 30.75 की औसत और 186.36 के स्ट्राइक रेट से 246 रन बनाए हैं। इस दौरान वैभव के बल्ले से 2 अर्धशतकीय पारियां निकली हैं। वहीं, 42 टी20 मैचों में इस युवा तूफानी बैट्समैन ने 42.02 की औसत से 1723 रन ठोके हैं, जिसमें 4 सेंचुरी और 8 हाफ सेंचुरी शामिल हैं।
ये भी पढ़ें- न्यूजीलैंड सीरीज में नहीं चुने जाने पर छलका अभिमन्यु ईश्वरन का दर्द, गंभीर ने किया था ये वादा!