Abhimanyu Easwaran: बंगाल के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन को काफी लंबे समय से टीम इंडिया में शामिल नहीं किया गया है। अभिमन्यु एक समय टीम के साथ ट्रैवल कर रहे थे और भारत पुरुष क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर भी उनको लेकर सकारात्मक दिख रहे थे लेकिन अचानक उनको टीम से बाहर कर दिया गया। अब अभिमन्यु ने काफी लंबे समय बाद अपनी भावनाओं का व्यक्त किया है।

मेरा सपना देश के लिए खेलना- अभिमन्यु

31 वर्षींय शीर्ष क्रम बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन ने टीम इंडिया में नहीं चुने जाने पर खुलकर बात की। ईश्वरन ने सर्विसेज के खिलाफ पहले दिन के खेल के बाद कहा, "जब से मैंने क्रिकेट खेलना शुरू किया है, मेरा सपना देश के लिए खेलना रहा है। उससे पहले, मैं हमेशा बंगाल के लिए खेलना चाहता था क्योंकि वही मेरी जड़ है, और मैं राज्य की टीम को लीड करके खुद को खुशकिस्मत महसूस करता हूं।" सर्विसेज के खिलाफ पहली पारी में अभिमन्यु ने 56 रन बनाए थे तो दूसरी इनिंग में 30 रन ही बना सके।

रणजी ट्रॉफी में बना रहे रन

भारतीय टीम से बाहर चल रहे अभिमन्यु ईश्वरन इस समय रणजी ट्रॉफी 2026-27 में खेल रहे हैं। इस सीजन 31 साल के सलामी बल्लेबाज ने 2 मैच की 4 पारियों में 51.33 की औसत से 154 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 1 अर्धशतकीय पारी निकली है।

दलीप ट्रॉफी 2026-27 में 3 मैच की 5 पारियों में 183 रन बनाए थे। इस प्रतियोगिता में उनके बल्ले से 2 अर्धशतकीय पारी निकली थी। इस प्रदर्शन के बावजूद अभिमन्यु को न्यूजीलैंड में खेली जाने वाली दो टेस्ट मैच की सीरीज के लिए नहीं चुना गया।

इंग्लैंड सीरीज में मिला था आखिरी मौका

अभिमन्यु ईश्वरन को भारतीय टीम में आखिरी बार इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए स्क्वाड में चुना गया था लेकिन इस सीरीज में भी वह सिर्फ बेंच पर बैठे नजर आए थे। जबकि इसी सीरीज में साई सुदर्शन को पदार्पण करने का मौका मिला था लेकिन लंबे समय से टीम इंडिया के साथ ट्रैवल कर रहे ईश्वरन को हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल ने पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया। इस सीरीज के बाद भारत को अगली सीरीज साउथ अफ्रीका से खेलनी थी लेकिन इससे अभिमन्यु को बाहर कर दिया गया।

न्यूजीलैंड सीरीज में नहीं मिला मौका

शनिवार को चयनकर्ताओं ने न्यूजीलैंड में खेली जाने वाली दो टेस्ट मैच की सीरीज के लिए स्क्वाड की घोषणा की थी लेकिन इस दल में अभिमन्यु ईश्वरन का नाम दूर-दूर तक नहीं था। टीम में चांस नहीं मिलने पर अभिमन्यु ने कहा,

"मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है। यह जिंदगी का एक हिस्सा है, और इसके अलावा कहने के लिए और कुछ नहीं है। समय के साथ आप सीख जाते हैं। जब आपको किसी टीम से निकाल दिया जाता है, तो 'मुझे फिर से क्यों नहीं?' जैसे विचार आते हैं, लेकिन आपको इसकी आदत हो जाती है। काम हमेशा यह होता है कि आप जिस भी टीम के लिए खेल रहे हों, उसके लिए अच्छा खेलें।"

ये भी पढ़ें-