Hardik Pandya: इंडियन प्रीमियर लीग 2027 से पहले हार्दिक पंड्या की ट्रेड की खबरों ने सभी को चौंका दिया था। साल 2024 में हार्दिक गुजरात टाइटंस से ट्रेड के जरिए मुंबई इंडियंस में आए थे और आते ही उनको टीम का कप्तान बना दिया गया था।

हालांकि, हार्दिक की अगुवाई में पांच बार की चैंपियन सिर्फ एक ही बार प्लेऑफ में पहुंच पाई थी तो दो बार उनको 9वें और 10वें स्थान पर रहना पड़ा था। इस प्रदर्शन के बाद एमआई खेमा भी उनको रोकने के मूड में नहीं लग रहा है। ऐसे में चलिए जानते हैं कि हार्दिक के पास किन-किन फ्रेंचाइजी में जाने का मौका है, जहां जाते ही उनको कप्तानी मिल जाएगी।

लखनऊ सुपर जायंट्स को कप्तान की दरकार

आईपीएल 2026 के खत्म होने के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स ने ऋषभ पंत को दिल्ली से ट्रेड कर दिया था। पंत वापस दिल्ली चले गए तो कुलदीप यादव आईपीएल 2027 के लिए लखनऊ के स्क्वाड में जुड़ गए। पंत के जाने के बाद फ्रेंचाइजी एक कप्तान की तलाश कर रही है और वह तलाश हार्दिक पर खत्म हो सकती है।

अगर एलएसजी अपना बड़ा प्लेयर देने को तैयार होता है तो यकीनन उनको मुंबई से हार्दिक पंड्या मिल सकते हैं। अगर हार्दिक लखनऊ में जाते हैं तो एक साथ उनकी तीन समस्याएं समाप्त हो जाएंगी, जो कि कप्तानी, भारतीय ऑलराउंडर और मध्यक्रम में आक्रामक बल्लेबाज की हैं।

दिल्ली भी हार्दिक के पीछे!

दिल्ली कैपिटल्स ने हाल ही में कुलदीप यादव को लखनऊ के साथ ट्रेड कर दिया था और विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को वापस बुलाया था। हालांकि, पंत को इस साल कप्तानी मिलना मुश्किल है। वहीं, ऐसी भी खबरें आई थीं कि डीसी भी हार्दिक को लेने में इच्छुक है और वह इसके लिए अपने कप्तान अक्षर पटेल और पृथ्वी शॉ देने को तैयार है।

अगर यह डील पक्की हो जाती है तो फिर दिल्ली हार्दिक को टीम का नया कप्तान बना सकती है। साथ ही हार्दिक के आने से टीम को एक भारतीय हरफनमौला खिलाड़ी भी मिल जाएगा, जो कि उनकी काफी बड़ी मुश्किल को हल कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें- IPL 2027 में किसको मिलेगी कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी? दौड़ में हार्दिक समेत ये 3 नाम शामिल

केकेआर दौड़ में सबसे आगे!

कोलकाता नाइट राइडर्स भी हार्दिक पंड्या को लेने में दिलचस्पी दिखा रही है। दरअसल, साल 2026 में केकेआर की कप्तानी अजिंक्य रहाणे ने संभाली थी, लेकिन उनके नेतृत्व में टीम का प्रदर्शन फीका रहा था। साथ ही रहाणे क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास भी ले चुके हैं। 

ऐसे में वह एक भारतीय कप्तान की तलाश में है और केकेआर-एमआई के बीच काफी लंबे समय से हार्दिक को लेकर चर्चाएं भी चल रही हैं। अगर ये डील पक्की हो जाती है तो अगले साल हार्दिक नाइट राइडर्स के लिए खेलते दिख सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एमआई ने केकेआर से हार्दिक के बदले रिंकू सिंह, सुनील नरेन या हर्षित राणा में से किसी एक की मांग की है।

ये भी पढ़ें- मुंबई इंडियंस छोड़कर नहीं जाएंगे हार्दिक पंड्या! एमआई ने शेयर किया खास वीडियो, फैंस ने लुटाया प्यार