पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के गठन के लगभग तीन सप्ताह बाद सोमवार को मंत्रिमंडल का बड़ा विस्तार होने जा रहा है। राजधानी में स्थित लोक भवन में सुबह 11 बजे आयोजित कार्यक्रम के दौरान 35 से अधिक विधायकों को मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। राज्यपाल आर.एन. रवि इस शपथ ग्रहण समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
सीएम ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि उनकी सरकार राज्य के विकास और जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि विस्तारित मंत्रिपरिषद प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाएगी।
कई प्रमुख नेताओं को मिल सकती है जिम्मेदारी
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, मंत्रिमंडल में भाजपा के कई वरिष्ठ और चर्चित नेताओं को शामिल किए जाने की संभावना है। संभावित नामों में पूर्व तृणमूल कांग्रेस नेता अर्जुन सिंह, पूर्व क्रिकेटर एवं भाजपा नेता अशोक डिंडा, पूर्व राज्यसभा सांसद स्वपन दासगुप्ता तथा भाजपा की वरिष्ठ नेता और अभिनेत्री रूपा गांगुली शामिल हैं। इसके अलावा, तृणमूल कांग्रेस सरकार में मंत्री रह चुके और बाद में भाजपा में आए तपस रॉय को भी मंत्री पद मिलने की चर्चा है।
दोबारा और कई बार जीतने वाले विधायकों पर नजर
भाजपा के उन विधायकों को भी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है जिन्होंने विधानसभा चुनाव में अपनी सीट बरकरार रखी है। इनमें कुल्टी से विधायक अजय कुमार पोद्दार, फालाकाटा के दीपक बर्मन, सिलीगुड़ी के शंकर घोष और हबीबपुर से लगातार तीसरी बार निर्वाचित हुए जोयल मुर्मू प्रमुख माने जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि प्रस्तावित मंत्रिमंडल में कई ऐसे चेहरे भी शामिल होंगे जो पहली बार विधानसभा पहुंचे हैं।
शुरुआती मंत्रिमंडल में थे केवल छह सदस्य
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ केवल पांच अन्य भाजपा नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली थी। इनमें अग्निमित्रा पॉल, निशीथ प्रमाणिक, दिलीप घोष, अशोक किर्तनिया और क्षुदिराम टुडू शामिल थे। पश्चिम बंगाल में संवैधानिक प्रावधानों के तहत मंत्रिपरिषद में अधिकतम 44 मंत्री हो सकते हैं। ऐसे में यह विस्तार नई सरकार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Written By Toshi Shah