Mumbai Ahmedabad Bullet Train: मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। देश की पहली हाईस्पीड रेल परियोजना के महाराष्ट्र वाले हिस्से में निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ठाणे और पालघर जिले में चल रहे निर्माण कार्यों का वीडियो अपडेट साझा किया है। परियोजना की 7 सुरंगों में से 3 का ब्रेकथ्रू पूरा हो चुका है। यानी इन सुरंगों में दोनों तरफ से खुदाई करते हुए रास्ता जोड़ दिया गया है। अब इन सुरंगों में ड्रेनेज, वॉटरप्रूफिंग और टनल लाइनिंग का काम किया जा रहा है।
74 किमी हिस्से में गर्डर लगाने का काम
महाराष्ट्र में शिलफाटा से महाराष्ट्र-गुजरात सीमा के जरोली गांव तक करीब 135.45 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण हो रहा है। परियोजना के तहत 100 किलोमीटर से अधिक हिस्से में पिलर बनाए जा रहे हैं, जबकि करीब 74 किलोमीटर क्षेत्र में वायाडक्ट गर्डर रखने का काम चल रहा है। पूरे प्रोजेक्ट में करीब 124 किलोमीटर लंबे वायाडक्ट और पुल बनाए जा रहे हैं।
ठाणे, विरार और बोइसर में बन रहे एलिवेटेड स्टेशन
महाराष्ट्र में ठाणे, विरार और बोइसर में तीन आधुनिक एलिवेटेड बुलेट ट्रेन स्टेशन बनाए जा रहे हैं। ठाणे स्टेशन को पर्यावरण को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है। यह जमीन से करीब 12 मीटर ऊपर बनाया जाएगा, ताकि आसपास के मैंग्रोव और पर्यावरण पर कम से कम असर पड़े।
7 में से 3 सुरंगों का काम पूरा
बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में कुल सात सुरंगों का निर्माण होना है। इनमें से तीन सुरंगों में दोनों सिरों को जोड़ने का काम पूरा हो चुका है। निर्माण में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। महाराष्ट्र में 9 कास्टिंग यार्ड, 7 फुल-स्पैन लॉन्चिंग गैंट्री और 8 स्पैन-बाय-स्पैन लॉन्चिंग गैंट्री काम कर रही हैं।
उल्हास से वैतरणा तक बनेंगे बड़े नदी पुल
हाईस्पीड रेल कॉरिडोर में कई बड़े नदी पुल भी बनाए जा रहे हैं। इनमें उल्हास नदी पर 460 मीटर लंबा पुल, वैतरणा नदी पर 2.3 किलोमीटर लंबा पुल, जगानी नदी पर 510 मीटर लंबा पुल शामिल हैं। परियोजना में कुल 36 पुल और क्रॉसिंग बनाए जा रहे हैं, जिनमें 12 स्टील ब्रिज भी शामिल हैं। ये ब्रिज प्रमुख रेलवे लाइनों, नदियों और मुंबई-नासिक हाईवे जैसी महत्वपूर्ण संरचनाओं को पार करेंगे।
View this post on Instagram
508 किमी लंबा है पूरा बुलेट ट्रेन कॉरिडोर
मुंबई-अहमदाबाद हाईस्पीड रेल कॉरिडोर की कुल लंबाई करीब 508 किलोमीटर है। परियोजना मुंबई को अहमदाबाद से जोड़ने के साथ रास्ते में कई प्रमुख शहरों को हाईस्पीड रेल नेटवर्क से जोड़ेगी। निर्माण की रफ्तार बढ़ने के साथ अब देश में पहली बुलेट ट्रेन दौड़ने का इंतजार भी तेज हो गया है। परियोजना को भारतीय रेलवे की सबसे चुनौतीपूर्ण इंजीनियरिंग परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है।
और पढ़ें: