नई दिल्ली: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की टिप्पणी पर बीजेपी नेता स्मृति ईरानी ने पलटवार किया है। उन्होंने राहुल गांधी पर सुर्खियों में बने रहने के लिए ‘ओछी टिप्पणियां’ करने का आरोप लगाया। स्मृति ईरानी ने महिलाओं के प्रति राहुल गांधी के रवैये पर भी सवाल उठाए। यह बयान उन्होंने बुधवार को दिल्ली के पंडारा रोड स्थित न्यू दिल्ली सार्वजनीन दुर्गा पूजा समिति के दौरे के दौरान दिया।
RSS पर राहुल गांधी के बयान को लेकर साधा निशाना
मीडिया से बातचीत में स्मृति ईरानी ने कहा कि राहुल गांधी की महिलाओं के प्रति सोच उनके व्यवहार से जाहिर होती है। उन्होंने एक महिला पुलिस अधिकारी के साथ कथित दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया।
स्मृति ईरानी ने कहा कि जब राहुल गांधी बार-बार इस तरह की टिप्पणियां करते हैं, तो महिलाओं से उन पर प्रतिक्रिया क्यों मांगी जाती है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाते हुए ऐसी सोच का विरोध करना जरूरी है।
बीजेपी नेता ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि इस तरह की टिप्पणियों से समाज की महिलाओं का अपमान होता है। उन्होंने कहा कि बीजेपी की महिला सदस्य हों या RSS से जुड़ी स्वयंसेविकाएं, सभी महिलाओं का सम्मान जरूरी है।
राहुल गांधी ने RSS को बताया था ‘महिलाओं के खिलाफ’
दरअसल, मंगलवार को राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर RSS को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने संगठन पर लैंगिक असमानता का आरोप लगाते हुए उसे ‘पुरुष-प्रधान’ और ‘संविधान-विरोधी’ बताया था।
राहुल गांधी ने अपनी विचारधारा की तुलना RSS से करते हुए ‘शिव-शक्ति’ का जिक्र किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि RSS से जुड़ी कई महिलाएं उनके राजनीतिक संघर्ष का समर्थन करती हैं।
राहुल गांधी की इसी टिप्पणी पर स्मृति ईरानी ने प्रतिक्रिया दी और उन पर राजनीतिक सुर्खियों में बने रहने के लिए निम्न स्तर की बयानबाजी करने का आरोप लगाया।
विजयादशमी पर स्मृति ईरानी ने दिया एकता और कर्तव्य का संदेश
राजनीतिक बयानबाजी के बीच स्मृति ईरानी ने विजयादशमी के महत्व पर भी बात की। उन्होंने इस पर्व को धर्म, आस्था और सत्य की जीत का प्रतीक बताया। उन्होंने लोगों से सत्य के मार्ग पर चलने, अपने स्वधर्म को पहचानने और राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने की अपील की।
स्मृति ईरानी ने पंडारा रोड स्थित न्यू दिल्ली सार्वजनीन दुर्गा पूजा समिति के 71वें शारदोत्सव में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा के दर्शन किए और विजयादशमी के अवसर पर सिंदूर खेला तथा धुनुची नृत्य में भी भाग लिया।
यह भी पढ़ें: चुनाव आयोग पर कांग्रेस का बड़ा आरोप, ECINet के दिल्ली से कंट्रोल होने के दावे पर फिर छिड़ा विवाद