National Police Memorial Day: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार 21, अक्टूबर को राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर नई दिल्ली से देश भर में राष्ट्रव्यापी मोटरसाइकिल रैली को हरी दिखाकर रवाना किया। राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर आयोजित इस रैली का मुख्य उद्देश्य ‘नशे के खिलाफ लड़ाई’ के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

रैली देश के कई राज्यों से होकर गुजरेगी

इस रैली में करीब 90 पुलिसकर्मी शामिल हैं, जो जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और अन्य केंद्रीय पुलिस संगठनों के जवान भी शामिल हैं। रैली के प्रतिभागी राइडर्स कई राज्यों से गुज़रते हुए 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर पहुंचेंगे और सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के मौके पर राष्ट्रीय एकता दिवस के तौर पर मनाई जाने वाली बड़ी एकता परेड में हिस्सा लेंगे।

21 अक्टूबर को पुलिसकर्मियों का बलिदान दिवस

राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस हर साल 21 अक्टूबर को उन पुलिसकर्मियों के बलिदान को याद करने के लिए मनाया जाता है, जिन्होंने देश की सुरक्षा करते हुए अपनी जान गंवाई। 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स लद्दाख में भारी हथियारों से लैस चीनी सैनिकों के घात लगाकर किए गए हमले में 10 भारतीय पुलिसकर्मी शहीद हुए थे। इससे पहले दिन में, केंद्रीय गृह मंत्री ने राष्ट्रीय पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर श्रद्धांजलि अर्पित की और ड्यूटी के दौरान अपनी जान देने वाले पुलिस और सुरक्षा कर्मियों के सर्वोच्च बलिदान को सम्मान दिया।

ये भी पढ़ें-उद्धव ठाकरे पर शिंदे का बड़ा आरोप, कहा- CM की कुर्सी के लिए महाराष्ट्र की पीठ में छुरा घोंपा?