Eknath Shinde on Sanjay Raut: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने केंद्र की सत्ता में बदलाव को लेकर शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत के बयान पर पलटवार किया है। शिंदे ने विपक्षी गठबंधन INDIA पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष के नेता देश में अशांति फैलाने और गलत नैरेटिव गढ़ने की कोशिश कर रहे हैं।
बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में एकनाथ शिंदे ने कहा कि INDIA गठबंधन के नेताओं के पास कोई वास्तविक काम नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं और देश में शांति भंग करना चाहते हैं। शिंदे ने कहा, “INDIA गठबंधन के लोगों के पास कोई काम नहीं है। वे देश में अराजकता फैलाना और शांति भंग करना चाहते हैं। वे बार-बार बांग्लादेश, नेपाल और श्रीलंका का उदाहरण देते हैं। मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि यह भारत है, बांग्लादेश, श्रीलंका या नेपाल नहीं। उनकी कोशिशें सफल नहीं होंगी।”
'विपक्ष सत्ता से बाहर रहने की वजह से परेशान'
एकनाथ शिंदे ने विपक्ष पर विकास विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में हो रहे विकास से करोड़ों लोगों को फायदा मिल रहा है, लेकिन विपक्षी दल इसे स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि विपक्षी नेता सत्ता से बाहर रहने के कारण हताश हैं और गलत नैरेटिव के जरिए लोगों को गुमराह कर रहे हैं। शिंदे ने सुप्रीम कोर्ट और संविधान को लेकर विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रति लेकर सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ प्रदर्शन करना किस तरह संविधान की भावना के अनुरूप है? उन्होंने यह भी दावा किया कि विपक्ष अगले 15 से 20 वर्षों तक सत्ता में वापस नहीं आएगा। शिंदे के मुताबिक, विपक्षी दल देश को एकजुट करने के बजाय लोगों के बीच मतभेद पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
संजय राउत ने 2029 से पहले सत्ता परिवर्तन का किया दावा
एकनाथ शिंदे का यह बयान संजय राउत की उस टिप्पणी के बाद आया है, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि नरेंद्र मोदी 2029 तक प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे और अमित शाह भी केंद्रीय गृह मंत्री के पद पर नहीं बने रहेंगे। राउत ने पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि अमित शाह 2029 तक गृह मंत्री नहीं रहेंगे। उन्होंने नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री पद पर बने रहने को लेकर भी ऐसा ही दावा किया। राउत ने कहा कि केंद्र सरकार के शीर्ष नेताओं के बीच निराशा और हताशा की स्थिति है।
अनुराग ठाकुर ने भी संजय राउत पर साधा निशाना
इस राजनीतिक बयानबाजी के बीच बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने भी संजय राउत की टिप्पणी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि अपने ही देश में हिंसा देखने की इच्छा रखना दुर्भाग्यपूर्ण है। ठाकुर ने दावा किया कि मोदी सरकार ने नक्सलवाद को खत्म किया है, लेकिन कुछ लोग अब भी देश विरोधी प्रचार में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में इस तरह के प्रचार की कोई जगह नहीं है। अनुराग ठाकुर ने संजय राउत पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें लगता है कि सुर्खियों में बने रहने के लिए राउत इस तरह के बयान देते रहते हैं।
यह भी पढ़ें: चुनाव आयोग पर कांग्रेस का बड़ा आरोप, ECINet के दिल्ली से कंट्रोल होने के दावे पर फिर छिड़ा विवाद