Party Animals Trailer: आने वाली हिंदी कॉमेडी फिल्म 'पार्टी एनिमल्स' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म का ट्रेलर दोस्ती, मस्ती, रोमांस और ऐसी गड़बड़ियों की झलक दिखाता है, जो एक रात में सब कुछ बदल देती हैं। नए साल की शाम पर आधारित यह कहानी दोस्तों की एक सामान्य मुलाकात से शुरू होती है, लेकिन जल्द ही हालात इतने बिगड़ जाते हैं कि हर नई कोशिश परेशानी को और बढ़ा देती है।
ट्रेलर में पुलिस, गुंडे, पार्टी बस, रोमांटिक उलझनें, छोटी-मोटी लड़ाइयां और एक नशे में धुत घोड़ा जैसे दिलचस्प और अजीबोगरीब दृश्य देखने को मिलते हैं। फिल्म का अंदाज पारंपरिक कॉमेडी से हटकर है, जिसमें हास्य के साथ बेतुकी परिस्थितियों घटनाओं को खास जगह दी गई है।
आज की दोस्ती और FOMO पर भी करेगी बात
मेकर्स के मुताबिक,'पार्टी एनिमल्स' एक बेबाक और खुद पर हंसने वाली कॉमेडी है, जो इंटरनेट कल्चर और आज की युवा पीढ़ी की जिंदगी से प्रेरित है। फिल्म में दोस्ती, FOMO यानी कुछ छूट जाने का डर, बड़े होने की उलझनें और दोस्तों के साथ लिए गए गलत फैसलों को मजेदार अंदाज में दिखाया गया है।
कहानी उस ओवरकॉन्फिडेंस को भी सामने लाती है, जिसमें रात 11 बजे कोई खराब प्लान भी शानदार आइडिया लगने लगता है। हॉलीवुड की हैंगआउट कॉमेडी की भावना को भारतीय माहौल में पेश करती यह फिल्म एक रात के बिगड़ने की कहानी को अनोखे अंदाज में दिखाने का वादा करती है।
विराज घेलानी ने बताया फिल्म का अनुभव
फिल्म में मान पटेल का किरदार निभा रहे विराज घेलानी का कहना है कि 'पार्टी एनिमल्स' के पागलपन को शब्दों में समझाना मुश्किल है, लेकिन दोस्तों के साथ इसे देखना बेहद मजेदार होगा। उन्होंने फिल्म की ऊर्जा, संगीत, भाईचारे और दोस्तों के साथ मिलकर लिए गए गलत फैसलों को इसकी खासियत बताया।
सारेगामा इंडिया लिमिटेड के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट सिद्धार्थ आनंद कुमार के अनुसार, फिल्म का मकसद ऐसी कॉमेडी पेश करना है जो अपने पागलपन को अपनाए और खुद को गंभीरता से न ले।
शानदार स्टारकास्ट के साथ 20 नवंबर को रिलीज
रवि छाबड़िया के निर्देशन में बनी इस फिल्म को विक्रम मेहरा और सिद्धार्थ आनंद कुमार ने यूडली फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। फिल्म में विराज घेलानी, अर्जुन तंवर, प्रगति नागपाल, नकिया हाजी, आलम खान, साकिब अयूब, कमलेश सावंत, अनिल चरणजीत, आरोन कौल, विजय पाटकर और मनोज जोशी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
अली हाजी, खुश मलिक और वीर पांचाल द्वारा लिखी गई 'पार्टी एनिमल्स' 20 नवंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का ट्रेलर संकेत देता है कि यह दोस्तों के साथ मस्ती, बेतुकी परिस्थितियों और हंसी से भरपूर एक अलग तरह की पार्टी कॉमेडी साबित हो सकती है।
ये भी पढ़ें: 'उड़ता तीर' के लिए आयुष्मान-सारा की खास पहल, अटारी-वाघा बॉर्डर पर पहुंचे सितारे