बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना और सारा अली खान इन दिनों अपनी आगामी स्पाई-कॉमेडी फिल्म ‘उड़ता तीर’ के प्रमोशन में जुटे हुए हैं। इसी सिलसिले में दोनों कलाकार पंजाब के ऐतिहासिक अटारी-वाघा बॉर्डर पहुंचे, जहां उन्होंने बीटिंग रिट्रीट सेरेमनी में हिस्सा लिया। 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही इस फिल्म के प्रचार के दौरान कलाकारों का यह दौरा खास आकर्षण का केंद्र बना।

फिल्म की प्रमोशनल टीम के साथ पहुंचे आयुष्मान और सारा ने वहां मौजूद लोगों और सुरक्षा कर्मियों से बातचीत की। दोनों कलाकार झंडा उतारने की पारंपरिक सेरेमनी के दौरान देशभक्ति के नारों में भी शामिल हुए। उनके इस दौरे ने फिल्म के प्रमोशन को एक अलग अंदाज दिया।
BSF के जवानों के प्रति जताया सम्मान
अटारी-वाघा बॉर्डर की यात्रा के बाद सारा अली खान ने सोशल मीडिया पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर जवानों के योगदान और बलिदान की सराहना करते हुए लिखा, कितना गर्व की बात है। BSF के प्रति हमारा गहरा आभार और सम्मान।
आपका बलिदान और ताकत हम सभी को प्रेरित करती है। सलाम। सारा का यह संदेश देश की सीमाओं की सुरक्षा में तैनात जवानों के प्रति आभार और सम्मान को दर्शाता है।
गोल्डन टेंपल में भी लिया आशीर्वाद
अटारी-वाघा बॉर्डर पहुंचने से पहले आयुष्मान खुराना और सारा अली खान अमृतसर स्थित श्री दरबार साहिब भी गए। गोल्डन टेंपल के नाम से मशहूर इस पवित्र स्थल पर दोनों कलाकारों ने मत्था टेककर आशीर्वाद लिया। इस दौरान दोनों मैचिंग सफेद एथनिक परिधानों में नजर आए।
आकाश ए कौशिक के निर्देशन में बनी है फिल्म
'उड़ता तीर' एक स्पाई-कॉमेडी फिल्म है, जिसका निर्देशन आकाश ए कौशिक ने किया है। यह बतौर निर्देशक उनकी पहली फिल्म है। आयुष्मान खुराना और सारा अली खान मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म में राहुल बोस, राम कपूर, सुहैल नैयर, गुलशन ग्रोवर, मुकुल देव, रघुबीर यादव, बृजेंद्र काला, संदीप आनंद, सुप्रिया पिलगांवकर और स्मिता तांबे भी अहम भूमिकाओं में हैं।
फिल्म का निर्माण करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन ने किया है। धर्मा प्रोडक्शंस और सिख्या एंटरटेनमेंट के सहयोग से बनी यह फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। अब दर्शकों को इसके रिलीज होने का इंतजार है।
ये भी पढ़ें: रवि किशन का दिव्य राम अवतार वायरल, दिल्ली की रामलीला की तस्वीरों ने जीता दिल!